बिहार चुनाव से पहले नीतीश सरकार का बड़ा तोहफा, पूर्वी चंपारण को मिली 166 करोड़ की विकास योजनाएँ

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले नीतीश सरकार ने पूर्वी चंपारण के लिए 166 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का शिलान्यास किया।

बिहार चुनाव से पहले नीतीश सरकार का बड़ा तोहफा, पूर्वी चंपारण को मिली 166 करोड़ की विकास योजनाएँ

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने पूर्वी चंपारण जिले के लोगों को बड़ी सौगात दी है। सरकार ने जिले के लिए 166 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया, जिनमें सड़क, पुल, पुलिया और नाले जैसी कई आधारभूत परियोजनाएँ शामिल हैं।

शनिवार देर शाम मोतिहारी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नगर विकास एवं आवास मंत्री जीवेश मिश्रा और गन्ना उद्योग मंत्री कृष्णनंदन पासवान ने संयुक्त रूप से इन योजनाओं का शिलान्यास किया। इस मौके पर पूर्व मंत्री एवं विधायक प्रमोद कुमार, नगर आयुक्त, महापौर प्रीति कुमारी, सदर एसडीओ श्वेता भारती, डिप्टी मेयर और नगर निगम के सभी वार्ड पार्षद उपस्थित रहे।

‘नूतन पोर्टल’ की हुई डिजिटल शुरुआत

इस अवसर पर मंत्री जीवेश मिश्रा ने ‘नूतन पोर्टल’ नामक नई डिजिटल पहल की शुरुआत की, जिसे इंडियन बैंक के सहयोग से तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि यह पोर्टल नगरवासियों को संपत्ति कर भुगतान, सफाई व्यवस्था और नगर सेवाओं से जुड़ी सुविधाएँ ऑनलाइन उपलब्ध कराएगा।

मिश्रा ने बताया, “2023 में तेजस्वी यादव द्वारा बढ़ाए गए होर्डिंग टैक्स को हमने अब आधा कर दिया है।” उन्होंने कहा कि यह निर्णय जनता को राहत देने और व्यापारिक माहौल को बेहतर बनाने की दिशा में एक कदम है।

2025 में एनडीए की प्रचंड जीत का दावा

विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच मंत्री जीवेश मिश्रा ने दावा किया कि 2025 में नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए एक बार फिर प्रचंड बहुमत से सत्ता में लौटेगी। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता आज भी नीतीश-मोदी की गारंटी पर भरोसा करती है और राज्य के विकास में उनका विश्वास अटूट है।

लालू-तेजस्वी पर तीखा प्रहार

विपक्ष पर निशाना साधते हुए मिश्रा ने कहा, “लालू यादव लाठी में तेल पिलाते थे, लेकिन हम गरीबों के हाथ में कलम में स्याही भरने का काम करते हैं। तेजस्वी यादव ने जो काम नहीं किए, उन्हें हम पूरा कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि बिहार की जनता लालू-राज को अच्छी तरह याद रखती है और अब वह दौर वापस नहीं आने देगी। मिश्रा ने कहा कि एनडीए सरकार ने हर क्षेत्र में ठोस विकास कार्य किए हैं और एक बार फिर नीतीश कुमार के नेतृत्व में स्थिर और विकासोन्मुख सरकार बनेगी।