मुख्यमंत्री उद्यमी योजना से बदली सुजीत की किस्मत, गांव में शुरू की नोटबुक फैक्ट्री और दे रहे कई युवाओं को रोजगार
मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत सुजीत ने गांव में नोटबुक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट शुरू कर न केवल खुद को आत्मनिर्भर बनाया, बल्कि कई बेरोजगारों को भी नौकरी दी।
कोविड-19 महामारी के दौरान जब लाखों लोगों की तरह सुजीत का भी रोजगार छिन गया, तो वह मायूस होकर गांव लौट आए। पहले उन्होंने गांव में कोचिंग खोलने की कोशिश की, लेकिन परिस्थितियां अनुकूल नहीं थीं। इसी दौरान उन्होंने यूट्यूब पर एक वीडियो देखा जिसने उनकी जिंदगी की दिशा ही बदल दी। इस वीडियो से उन्हें मुख्यमंत्री उद्यमी योजना की जानकारी मिली।
इस योजना के तहत आवेदन करने के बाद उन्हें सरकार की ओर से आर्थिक मदद मिली, जिससे उन्होंने वर्ष 2021-22 में एक नोटबुक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट की शुरुआत की। शुरूआत में यह कार्य चुनौतीपूर्ण था, लेकिन उनके साहस और योजना के समर्थन ने उनकी मेहनत को फलदायी बना दिया।
स्थानीय रोजगार का मजबूत साधन बना यूनिट
सुजीत की इस यूनिट में अब कई ग्रामीण युवा काम कर रहे हैं। यूनिट में कार्यरत दिवाकर कुमार ने बताया कि पहले वे बेरोजगार थे और काम के लिए शहरों की ओर जाना पड़ता था। अब गांव में ही उन्हें न केवल सम्मानजनक नौकरी मिली है बल्कि स्थायी आमदनी का जरिया भी बन गया है। यूनिट में 5 रुपये से लेकर 150 रुपये तक की नोटबुक तैयार होती है, जिसकी अच्छी बिक्री भी हो रही है।
योजना ने बदली सैकड़ों युवाओं की जिंदगी
जिला उद्योग महाप्रबंधक सुजीत कुमार ने बताया कि वर्ष 2018 से अब तक इस योजना के अंतर्गत जिले के 300 से अधिक युवाओं को लाभ मिल चुका है। इनमें से 60% से अधिक युवा सफलतापूर्वक अपने-अपने व्यवसाय चला रहे हैं और आत्मनिर्भर बन चुके हैं।
गरीबी से सम्मानजनक जीवन की ओर सफर
सुजीत के पिता एक साधारण मजदूर थे और परिवार की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर थी। आज वही सुजीत न केवल खुद आत्मनिर्भर हैं बल्कि अपने माता-पिता की सेवा कर पा रहे हैं और समाज में एक सम्मानजनक जीवन जी रहे हैं। उनकी यह सफलता अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुकी है।
मुख्यमंत्री उद्यमी योजना जैसे सरकारी प्रयासों से यह साबित होता है कि अगर इच्छाशक्ति और सही मार्गदर्शन मिले तो गांवों में भी बड़े सपने साकार किए जा सकते हैं।