मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया राजगीर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन, बिहार में लौटेगा इंटरनेशनल क्रिकेट

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजगीर में नवनिर्मित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया राजगीर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन, बिहार में लौटेगा इंटरनेशनल क्रिकेट

बिहार की खेल प्रतिभाओं को वैश्विक मंच प्रदान करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज राजगीर खेल परिसर में नवनिर्मित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन किया। दशकों के इंतजार के बाद यह अत्याधुनिक स्टेडियम बिहार में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की वापसी की उम्मीद जगा रहा है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि इस स्टेडियम का निर्माण अंतरराष्ट्रीय मानकों को ध्यान में रखकर किया गया है ताकि खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों को विश्वस्तरीय अनुभव प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा, “यहां खिलाड़ियों और दर्शकों की सभी मूलभूत सुविधाओं के साथ मीडिया गैलरी और अन्य आधुनिक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं।”

करीब 18 एकड़ में फैले इस राजगीर क्रिकेट स्टेडियम में 40 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस स्टेडियम के निर्माण से बिहार की उभरती हुई क्रिकेट प्रतिभाओं को बड़े मंच पर खेलने का अवसर मिलेगा और राज्य में दशकों बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की वापसी संभव होगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि यह स्टेडियम आने वाले समय में बिहार के क्रिकेट इतिहास में नया अध्याय जोड़ेगा और राज्य को खेलों के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा।