प्रधानमंत्री मोदी करेंगे गया में 13 हजार करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 22 अगस्त को गया में 13 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इनमें गंगा नदी पर 6-लेन पुल, अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन, थर्मल पावर प्लांट और कैंसर अस्पताल जैसी बड़ी परियोजनाएँ शामिल हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 22 अगस्त को गया में आयोजित भव्य समारोह में ऊर्जा, परिवहन, रेल, स्वास्थ्य और शहरी विकास से जुड़ी 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इन परियोजनाओं से बिहार में बुनियादी ढांचे का विकास नई ऊंचाई पर पहुंचेगा और लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
प्रधानमंत्री मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मोकामा के औंटा और बेगूसराय के सिमरिया के बीच गंगा नदी पर बने नवनिर्मित 6-लेन पुल का उद्घाटन करेंगे। यह पुल उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगा और भारी वाहनों की दूरी 100 किलोमीटर कम करेगा।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री गया और दिल्ली के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके अलावा वैशाली और कोडरमा के बीच बौद्ध सर्किट स्पेशल ट्रेन की शुरुआत होगी, जिससे पर्यटन और धार्मिक यात्राओं को नई गति मिलेगी।
प्रधानमंत्री मोदी बक्सर में स्थापित थर्मल पावर प्लांट का उद्घाटन करेंगे, जिससे प्रदेश की ऊर्जा आपूर्ति और मजबूत होगी। मुजफ्फरपुर में होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र भी जनता को समर्पित किया जाएगा, जो स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में बड़ा कदम साबित होगा।
नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत प्रधानमंत्री मुंगेर में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) और सीवरेज नेटवर्क का भी लोकार्पण करेंगे। यह परियोजना गंगा नदी को स्वच्छ और अविरल बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण योगदान देगी।
इन सभी परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास से बिहार में विकास की नई धारा प्रवाहित होगी और राज्य के नागरिकों को रोजगार, सुविधा और बेहतर जीवनशैली का लाभ मिलेगा।