विधानसभा में विपक्ष का हंगामा, वोटर सूची और कानून-व्यवस्था पर सरकार से सवाल
बिहार विधानसभा में विपक्ष ने मतदाता सूची पुनरीक्षण और कानून-व्यवस्था को लेकर जमकर हंगामा किया। राजद-कांग्रेस ने सरकार पर वोट चोरी का आरोप लगाया, वहीं सरकार ने विपक्ष को गुंडाराज का प्रतीक बताया।
बिहार विधानमंडल के मॉनसून सत्र के तीसरे दिन भी विपक्षी दलों—राजद, कांग्रेस, भाकपा-माले सहित अन्य पार्टियों—ने सरकार के खिलाफ तीव्र विरोध प्रदर्शन किया। विधानसभा के अंदर जहां मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान और राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरा गया, वहीं बाहर भी विरोध प्रदर्शन जारी रहा।
विधानसभा अध्यक्ष नन्द किशोर यादव को हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगित करनी पड़ी। दूसरी ओर, विपक्षी दलों ने विधानसभा के मुख्य द्वार को अवरुद्ध कर दिया, जिससे कार्यवाही प्रभावित हुई।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने आरोप लगाया कि राज्य में ‘गुंडाराज’ चल रहा है और मतदाता सूची से जनता के वोट चोरी किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा, “दो करोड़ वोटरों का नाम सूची से हटा दिया गया है, जनता अपने वोट डालने के अधिकार से वंचित हो गई है। ऐसे में विधानसभा की कार्यवाही का कोई औचित्य नहीं बचा है।”
राजद विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन ने भी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा और जदयू के लोग वोटर पुनरीक्षण जैसे गंभीर विषय पर सदन में चर्चा नहीं होने देना चाहते। उन्होंने दावा किया कि मतदाता सूची से जानबूझकर करोड़ों लोगों का नाम हटाया जा रहा है।
वहीं, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि विपक्षी दल जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “राजद के लोग लोकतंत्र में विश्वास नहीं रखते और सदन के अंदर और बाहर गुंडाराज दिखा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने भी विपक्ष से शांति बनाए रखने और जनहित के सवालों पर चर्चा की अपील की थी।”
विजय सिन्हा ने यह भी कहा कि विधानसभा अध्यक्ष ने नेता प्रतिपक्ष को पूरा अवसर दिया, लेकिन विपक्षी दल शांति से चर्चा के बजाय हंगामा कर रहे हैं।
इस पूरी स्थिति से स्पष्ट है कि आगामी चुनावों को लेकर राजनीतिक दलों के बीच तनाव और आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होता जा रहा है।