Paris Olympics: हरियाणा के अभिषेक व सुमित ने दिखाया कमाल, परिजन बोले- देश को सेमीफाइनल में ले गए ‘म्हारे लाल’
पेरिस ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम के अद्भुत जीत से परिजन गदगद हैं।
पेरिस ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम के अद्भुत जीत से परिजन गदगद हैं। भारतीय टीम ग्रेट ब्रिटेन को पेनल्टी शूटआउट में 4-2 से हराकर सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं। जिले के स्टार खिलाड़ियों ने मुकाबले में शानदार प्रदर्शन कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। अभिषेक नैन ने मुकाबले में करीब चार बार विरोधी टीम के डिफेंस को भेदकर गोल दागने का प्रयास किया। सुमित कुमार ने डिफेंस के साथ अटैक व मिडफील्ड में बेहतर प्रदर्शन कर टीम को सेमीफाइनल में पहुंचाने में मदद की।
मयूर विहार निवासी अभिषेक नैन ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाते हुए विरोधियों पर दबाव बनाना शुरू कर दिया था। अभिषेक ने पहले पांच मिनट में ही ग्रेट ब्रिटेन के डिफेंस को भेद कर गोल करने की कोशिश की, लेकिन कीपर के पैड से लगकर बॉल बाहर चली गई। दूसरे राउंड में अभिषेक नैन ने गोल करने की लगातार कई कोशिश की। लेकिन भाग्य का साथ नहीं मिला।
मुकाबले के 22वें मिनट में अभिषेक ने ब्रिटिश खिलाड़ियों को छकाते हुए डी में प्रवेश कर गोल का प्रयास किया, जो विरोधी कीपर के पैरों के बीच फंस गई। जिससे भारत को पेनल्टी कार्नर मिला व उसे भारतीय कप्तान हरमनप्रीत ने गोल में बदल दिया। वहीं मुकाबले में गांव कुराड़ के स्टार खिलाड़ी सुमित कुमार ने बेहतरीन प्रदर्शन के साथ सभी को प्रभावित किया है। मुकाबले के 12वें मिनट में टीम के अहम डिफेंडर अमित रोहिदास को रेड कार्ड मिलने के बाद सुमित ने डिफेंस की जिम्मेदारी को बेहतर तरीके से निभाया। साथ ही मिडफील्ड व अटैक में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। सुमित कुमार ने मुकाबले में छह बार विरोधी खिलाड़ियों को गोल करने से रोका। सुमित ने तीसरे राउंड के अंतिम मिनट में ग्रेट ब्रिटेन की डी में घुसकर अटैक किया, लेकिन कामयाब नहीं हो सके।
पिता बोले- एक ही तमन्ना टीम गोल्ड लेकर लौटे