गर्दनीबाग थाना क्षेत्र में छात्रा मौत पर प्रदर्शन, पुलिस बल तैनात

पटना के गर्दनीबाग में कक्षा 5 की छात्रा जोया परवीन की स्कूल बाथरूम में जलने से मौत, स्थानीय लोग सड़कों पर प्रदर्शन कर आक्रोशित, पुलिस जांच में जुटी।

गर्दनीबाग थाना क्षेत्र में छात्रा मौत पर प्रदर्शन, पुलिस बल तैनात

पटना से बड़ी खबर सामने आई है। गर्दनीबाग थाना क्षेत्र के आमला टोला इलाके में स्थित एक कन्या विद्यालय में कक्षा 5 की छात्रा जोया परवीन स्कूल के बाथरूम में संदिग्ध परिस्थितियों में जल गई। परिजनों ने घायल छात्रा को तुरंत PMCH (पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल) में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

इस घटना के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और चितकोहरा गोलंबर पर सड़क जाम कर प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शन के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस पर पथराव किया, जिसमें एक पुलिसकर्मी को गंभीर चोट आई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सचिवालय डीएसपी और तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को शांत करने की कोशिश की, लेकिन पत्थरबाजी बढ़ने पर हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया गया। वर्तमान में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, और पुलिस यातायात को सामान्य करने में लगी हुई है।