PM सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से लोगों को मिल रही राहत
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने को लेकर लोगों में जागरुकता बढ़ रही है। छतों पर सोलर पैनल लगवाकर उपभोक्ता बिजली के मामले में आत्मनिर्भर बन रहे हैं।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने को लेकर लोगों में जागरूकता तेजी से बढ़ रही है। नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय द्वारा प्रारंभ की गई इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य है—घरों की छतों पर सौर पैनल स्थापित कर उन्हें मुफ्त बिजली उपलब्ध कराना और उपभोक्ताओं को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना।
दरभंगा ज़िले के कई लाभार्थियों ने बताया कि पहले उनके घरों में हजारों रुपये तक का बिजली बिल आता था, लेकिन अब वह लगभग शून्य हो गया है। इससे उन्हें आर्थिक रूप से काफी राहत मिल रही है।
15 फरवरी 2024 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू की गई इस पहल का मकसद पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के साथ-साथ आम नागरिकों को सस्ती और नवीकरणीय ऊर्जा प्रदान करना भी है। दरभंगा ज़िले में बड़ी संख्या में उपभोक्ता इस योजना से लाभान्वित हो रहे हैं। योजना की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए बिजली विभाग द्वारा भी व्यापक रूप से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। लोग बिजली कार्यालय जाकर योजना से जुड़ी जानकारियां प्राप्त कर रहे हैं।
दरभंगा स्थित उत्तर बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (NPPDCL) के विद्युत कार्यपालक अभियंता विकास कुमार ने दूरदर्शन से बातचीत में बताया कि सौर ऊर्जा को अपनाने से उपभोक्ताओं को कई स्तरों पर लाभ मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में तीन किलोवाट तक के सोलर संयंत्र लगाने पर सरकार द्वारा 78,000 रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है। साथ ही सरकारी बैंकों से इस उद्देश्य के लिए किफायती दरों पर ऋण भी उपलब्ध है।
दरभंगा के लाभार्थियों ने सौर ऊर्जा को "अक्षय और पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा" बताया। उन्होंने बताया कि जब उनके द्वारा आवश्यक बिजली का उत्पादन हो जाता है, तब वे अतिरिक्त बिजली ग्रिड को वापस भेज देते हैं, जिससे दूसरों को भी लाभ होता है। उन्होंने यह भी साझा किया कि अब उन्हें लगभग शून्य बिजली बिल मिल रहा है।
अभियंता विकास कुमार ने उपभोक्ताओं से अपील की कि जिन लोगों को बिजली बिल अधिक आने की शिकायत है, वे इस योजना का लाभ अवश्य उठाएं। योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को प्रति माह 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जा रही है। यह योजना विशेष रूप से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए बनाई गई है, ताकि वे अपनी ऊर्जा आवश्यकताओं को सुलभता से पूरा कर सकें।