रक्सौल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 107 किलो गांजा बरामद, 25 लाख से अधिक की कीमत
पूर्वी चंपारण के रक्सौल में भेलाही थाना पुलिस ने नेपाल से लाई गई 107 किलो गांजे की खेप बरामद की। बरामद गांजे की कीमत 25 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। तस्करों की पहचान कर कार्रवाई शुरू।
पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल अनुमंडल में पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 107 किलो गांजा बरामद किया है। बरामद खेप की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 25 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
भेलाही थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल से तस्करी कर लाई गई गांजे की एक बड़ी खेप सैनिक रोड के पास झाड़ियों में छिपाकर रखी गई है। सूचना के आधार पर एसडीपीओ रक्सौल मनीष आनंद के नेतृत्व में दंडाधिकारी और विशेष जांच दल का गठन किया गया।
पुलिस टीम जब भेलाही नहर चौक से आगे सैनिक रोड पर पहुंची, तो पुलिस वाहन देखते ही दो संदिग्ध युवक भागने लगे। संदेह के आधार पर क्षेत्र की तलाशी ली गई, जिसके बाद झाड़ियों में छिपाकर रखे गए 9 बंडलों से 107 किलो गांजा बरामद हुआ।
एसडीपीओ मनीष आनंद ने बताया कि इस मामले में राजेश भगत और अवधेश भगत की संलिप्तता पाई गई है। दोनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई से गांजा तस्करों के मंसूबों पर पानी फिर गया और सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने की दिशा में बड़ी सफलता हासिल हुई है।