स्मृति मंधाना बनीं महिला वनडे क्रिकेट की नंबर 1 बल्लेबाज, न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक से हासिल किया करियर का सर्वश्रेष्ठ रेटिंग
भारतीय ओपनर स्मृति मंधाना ने न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक और बांग्लादेश के खिलाफ नाबाद पारी के दम पर महिला वनडे रैंकिंग में नंबर 1 बल्लेबाज का स्थान मजबूत किया। उनकी रेटिंग 828 अंकों के साथ करियर की सर्वश्रेष्ठ है।
भारतीय सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार शतकीय पारी की बदौलत महिला वनडे क्रिकेट में नंबर 1 बल्लेबाज के रूप में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है। विश्व कप में उनके निरंतर प्रदर्शन से उनकी आईसीसी रेटिंग 828 अंकों तक पहुंच गई है, जो अब तक के करियर की सर्वश्रेष्ठ है।
मंधाना ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 109 रन की पारी खेली थी और उसके बाद बांग्लादेश के खिलाफ नाबाद 34 रन बनाए। इस प्रदर्शन के चलते वह शीर्ष स्थान पर कायम हैं। उनके बाद दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया की ऐश गार्डनर हैं, जिनके 731 अंक हैं और वे मंधाना से 97 अंक पीछे हैं।
उनकी साथी बल्लेबाज प्रतिका रावल ने भी शानदार उछाल दर्ज की है। उन्होंने रैंकिंग में 12 पायदान की छलांग लगाते हुए 564 अंकों के साथ 27वें स्थान पर जगह बनाई है। हालांकि, चोट के कारण वह टूर्नामेंट के शेष मुकाबलों में नहीं खेल पाएंगी।
मंधाना को विश्व कप से पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘आईसीसी महिला प्लेयर ऑफ द मंथ – सितंबर 2025’ चुना गया था।
दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीकी कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट दो स्थान की छलांग के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। उन्होंने हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ 90 और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 31 रन बनाए।
इंग्लैंड की एमी जोंस ने भी शानदार प्रदर्शन के दम पर टॉप-10 में प्रवेश कर लिया है। उन्होंने 4 स्थान की छलांग लगाकर 9वें स्थान (656 अंक) पर जगह बनाई है। वहीं, एनाबेल सदरलैंड ने टॉप 40 में सबसे बड़ी छलांग लगाई, वह 16 स्थान ऊपर चढ़कर 16वें पायदान पर पहुंच गईं।
महिला गेंदबाजों की रैंकिंग में इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन (747 अंक) शीर्ष पर बनी हुई हैं। ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर अलाना किंग 5 स्थान की छलांग के साथ दूसरे पायदान पर पहुंच गई हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 18 रन देकर 7 विकेट झटके थे। उनकी साथी ऐश गार्डनर एक स्थान नीचे खिसककर तीसरे स्थान पर हैं।
इस बीच पाकिस्तान की नशरा संधू और दक्षिण अफ्रीका की बाएं हाथ की ऑर्थोडॉक्स स्पिनर नॉनकुलुलेको म्लाबा (610 अंक) संयुक्त रूप से 10वें स्थान पर पहुंच गई हैं। तेज गेंदबाज मारिजैन कैप्प और एनाबेल सदरलैंड एक-एक स्थान ऊपर चढ़कर क्रमशः चौथे और सातवें स्थान पर पहुंच गई हैं।