केंद्र सरकार का बड़ा फैसला: ट्रैक्टर और कृषि उपकरणों पर GST घटाकर 5%, किसानों को बड़ी राहत
केंद्र सरकार ने ट्रैक्टर, टीलर, हेरो और अन्य कृषि उपकरणों पर GST की दरें 18% से घटाकर 5% कर दी हैं। नए नियम 22 सितंबर से लागू होंगे, जिससे किसानों को उपकरण सस्ते मिलेंगे और खेती की लागत कम होगी।
22 सितंबर से ट्रैक्टर और कृषि उपकरण होंगे सस्ते, केंद्र सरकार ने GST घटाकर 5% किया
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने किसानों और कृषि उद्योग को बड़ी राहत देते हुए ट्रैक्टर, टीलर, हेरो, ट्रॉली और अन्य कृषि उपकरणों पर GST की दरें घटाने का फैसला लिया है। अब तक इन उपकरणों पर 18% GST लगता था, जिसे कम करके सिर्फ 5% कर दिया गया है। नई दरें 22 सितंबर से पूरे देश में लागू होंगी।
सरकार के इस फैसले से न केवल किसानों का बोझ कम होगा बल्कि कृषि उपकरणों और मशीनरी की कीमतें भी घटेंगी। इसका सीधा फायदा छोटे और मध्यम किसानों को मिलेगा, जिन्हें अब खेती के लिए आवश्यक उपकरण सस्ते दामों पर उपलब्ध होंगे। खेती की लागत कम होने से उत्पादन क्षमता और आय में भी वृद्धि की संभावना है।
किसानों और विक्रेताओं की प्रतिक्रिया
इस फैसले का किसानों और कृषि उपकरण विक्रेताओं ने स्वागत किया है। शामली के ट्रैक्टर विक्रेता मोनू चौधरी ने कहा कि इससे बिक्री बढ़ेगी और किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। वहीं किसान विशाल चौधरी और हरेंद्र सिंह ने केंद्र सरकार का आभार जताते हुए कहा कि टैक्स कम होने से उनकी खेती का खर्च कम होगा और उपकरण खरीदना आसान होगा।
कृषि क्षेत्र के लिए बड़ा कदम
विशेषज्ञों का मानना है कि केंद्र सरकार का यह कदम सिर्फ एक टैक्स सुधार नहीं, बल्कि करोड़ों किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा प्रयास है। सस्ती मशीनरी से खेती का आधुनिकीकरण तेज होगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।