UP: बांकेबिहारी मंदिर में उमड़ रही भीड़, 13 दिन में 11 श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ी; आने से पहले ध्यान रखें
श्रद्धालुओं में बुजुर्ग, गंभीर बीमारी से ग्रसित और खाली पेट आने वाली भक्तों की तबीयत खराब हो रही है।
वृंदावन के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में पिछले 13 दिनों में 11 श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ गई। एक बुजुर्ग के पैर में फ्रैक्चर हो गया। बांकेबिहारी मंदिर में तैनात डॉक्टरों ने यह जाना कि भीड़ के दबाव के बीच आराध्य के दर्शन करने के लिए आ रहे श्रद्धालुओं में बुजुर्ग, गंभीर बीमारी से ग्रसित और खाली पेट आने वाली भक्तों की तबीयत खराब हो रही है। इसे लेकर डॉक्टरों श्रद्धालुओं को सुझाव दे रहे हैं।
हवेलीनुमा बने बांकेबिहारी मंदिर में क्षमता से अधिक श्रद्धालु प्रतिदिन दर्शन करते हैं। भीड़ के दबाव और धक्कों के बीच बुजुर्ग, बच्चे और महिलाओं को सर्वाधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। मंदिर में दो लोगों की मौत, कई घायल हो जाने और आए दिन भीड़ के दबाव के बीच श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ने के बाद भी शासन एवं प्रशासन स्तर पर कोई भीड़ को नियंत्रित करने की योजना सामने नहीं आई, बल्कि पुलिस प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं को जगह-जगह रोकने से श्रद्धालओं को भीड़ का अधिक दबाव झेलने के साथ ही परेशानी उठानी पड़ रही है।