बरेली में बारिश का रिकॉर्ड: जुलाई के पहले सप्ताह में 232.8 मिमी बरसा पानी, आठ साल बाद पहली बार हुआ ऐसा
वर्ष 2016 में जुलाई के जुलाई के पहले सप्ताह में हुई थी 286.6 मिमी बारिश
बरेली में बारिश ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है। आठ वर्ष बाद जुलाई के पहले सप्ताह में रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई। वर्ष 2016 में एक से सात जुलाई के बीच 286.6 मिमी बारिश हुई थी, जबकि इस साल यह आंकड़ा 232.8 मिमी दर्ज किया गया। बीते सात दिनों से हो रही बारिश का क्रम सोमवार को जारी है। बारिश के बीच शहर के लोग जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। वहीं मौसम विभाग ने 11 जुलाई तक ऐसा ही मौसम रहने के आसार जताए हैं।
मौसम विभाग से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक एक से सात जुलाई तक औसतन 135.2 मिमी बारिश होती है। वर्ष 2016 में इस दौरान 286.6 मिमी बारिश हुई थी। इस साल इस दरम्यान 232.8 मिमी बारिश हो चुकी है। यह औसत से 97.6 मिमी ज्यादा है। मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक अबकी बार दो दिशाओं से प्रवेश कर रहे चक्रवाती परिस्थितियों की वजह से विक्षोभ की सक्रियता बढ़ी है।
बारिश का क्रम जारी है। खंडवर्षा भी हो रही है। वर्ष 2016 में भी यही स्थिति थी। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को भी पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा। हल्की, मध्यम बारिश के आसार हैं। मंगलवार को उच्च वायुदाब का क्षेत्र बनने पर आसमान साफ होने के आसार हैं।
सोमवार दिन में बारिश, शाम को खिली थी धूप
शनिवार देर रात से जारी हल्की, तेज बारिश का सिलसिला रविवार को भी जारी रहा। सुबह से घने बादल मंडराते रहे। कहीं-कहीं रिमझिम होती रही। बारिश से गर्मी के तेवर ठंडे रहे। शाम को हल्की धूप निकली, हालांकि देर रात फिर बारिश शुरू हो गई। 24 घंटे में 31.7 मिमी बारिश दर्ज हुई। अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, न्यूनतम पारा दो डिग्री लुढ़ककर 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।