स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से सम्मानित होंगी यूपी की 14 लखपति दीदियां

स्वतंत्रता दिवस समारोह में उत्तर प्रदेश की 14 लखपति दीदियां लाल किले से विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगी, जो स्वयं सहायता समूहों से आत्मनिर्भर बनी हैं।

स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से सम्मानित होंगी यूपी की 14 लखपति दीदियां

15 अगस्त को लाल किले की प्राचीर से होने वाले ध्वजारोहण समारोह में उत्तर प्रदेश की 14 लखपति दीदियां विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगी। ये महिलाएं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की योजनाओं के तहत स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आत्मनिर्भर बनी हैं और ग्रामीण उद्यमिता की प्रेरणादायक मिसाल बन चुकी हैं।

देशभर से चयनित 700 से अधिक महिलाओं में उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा प्रतिनिधित्व होगा। इन महिलाओं की मेजबानी केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे, जबकि ठहरने व भोजन की व्यवस्था रक्षा मंत्रालय द्वारा की गई है।

गांवों से दिल्ली तक: सफलता की कहानी

मिशन निदेशक दीपा रंजन ने बताया कि सीएम योगी की दूरदर्शी सोच से लाखों महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बनी हैं। ये महिलाएं घर पर ही घी, अचार, पापड़, नमकीन जैसे घरेलू उत्पाद बनाकर उद्यम स्थापित कर रही हैं और दूसरी महिलाओं को भी रोजगार दे रही हैं।

इन 14 महिलाओं को उनके पति या एक सहयोगी के साथ दिल्ली भेजा जाएगा। साथ ही, उत्तर प्रदेश सरकार के दो विशेष प्रतिनिधि भी इनके मार्गदर्शन हेतु दिल्ली में मौजूद रहेंगे। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य लखनऊ से इन सभी को रवाना करेंगे।

ग्रामीण भारत की बदली तस्वीर

लखपति दीदी अभियान ने गरीब ग्रामीण महिलाओं को सशक्त उद्यमी बनने का अवसर दिया है। अब वे लाखों की आमदनी कर रही हैं और गांवों में बदलाव की नई इबारत लिख रही हैं। यह अवसर स्वतंत्रता दिवस पर न केवल उनके सम्मान का प्रतीक है, बल्कि नारी शक्ति के आत्मबल और परिश्रम की राष्ट्रीय पहचान भी है।