रायपुर में वृहद महतारी वंदन सम्मेलन: महिला सशक्तिकरण को मिलेगी नई दिशा

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च को रायपुर स्थित साइंस कॉलेज मैदान में वृहद महतारी वंदन सम्मेलन और राज्य स्तरीय महिला मड़ई का भव्य आयोजन किया जाएगा।

रायपुर में वृहद महतारी वंदन सम्मेलन: महिला सशक्तिकरण को मिलेगी नई दिशा

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च को रायपुर स्थित साइंस कॉलेज मैदान में वृहद महतारी वंदन सम्मेलन और राज्य स्तरीय महिला मड़ई का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि होंगे, जबकि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।

महतारी वंदन योजना की 13वीं किश्त का वितरण

छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना के सफलतापूर्वक एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री साय प्रदेश की लगभग 70 लाख महिलाओं को योजना की 13वीं किश्त का भुगतान करेंगे। यह योजना 10 मार्च 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वर्चुअल उपस्थिति में शुरू हुई थी, जिसके तहत पहली किश्त विवाहित महिलाओं के बैंक खातों में अंतरित की गई थी। अब तक 12 किश्तों में 7,838 करोड़ रुपये की राशि महिलाओं को वितरित की जा चुकी है।

सम्मान सुविधा प्रणाली का शुभारंभ

मुख्यमंत्री साय इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय भुगतान के लिए "सम्मान सुविधा प्रणाली" का शुभारंभ करेंगे। पहली बार मुख्यमंत्री स्वयं डिजिटल और केंद्रीकृत प्रणाली के माध्यम से सीधे मानदेय का भुगतान करेंगे। इस प्रणाली में फेशियल रिकग्निशन सिस्टम के माध्यम से कार्यकर्ताओं की उपस्थिति दर्ज की जाएगी, जिससे मानदेय भुगतान पारदर्शी और समयबद्ध होगा।

महिलाओं के लिए डिजिटल सुरक्षा पहल

महिला सशक्तिकरण को और अधिक सशक्त करने के लिए मुख्यमंत्री संकटग्रस्त महिलाओं के लिए एक डिजिटल सुविधा लॉन्च करेंगे, जिससे महिलाएं ऑनलाइन और मोबाइल ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज कर सकेंगी। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के पोर्टल, इंफ्रा पोर्टल तथा स्थापना पोर्टल का भी शुभारंभ करेंगे।

महिला सुरक्षा को नई मजबूती

राज्य में महिला सुरक्षा को और प्रभावी बनाने के लिए "सखी वन स्टॉप सेंटर" की मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का विमोचन किया जाएगा। इस पहल के तहत छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य बनेगा, जहां सखी वन स्टॉप सेंटर के संचालन हेतु एक निर्धारित SOP लागू होगी।

महिला सशक्तिकरण में उत्कृष्ट योगदान देने वालों का सम्मान

कार्यक्रम में राज्य की 32 उत्कृष्ट आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, 3 सर्वश्रेष्ठ सखी वन स्टॉप सेंटर, 2 नवा बिहान योजना के महिला संरक्षण अधिकारी सहित महिला सशक्तिकरण में विशिष्ट उपलब्धि प्राप्त महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा।

राज्य स्तरीय महिला मड़ई का आयोजन

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 4 से 8 मार्च 2025 तक राज्य स्तरीय महिला मड़ई का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में 100 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जहां महिला स्व-सहायता समूहों और महिला उद्यमियों द्वारा निर्मित उत्पादों का प्रदर्शन और विक्रय किया जा रहा है।

इस आयोजन में प्रदेशभर से नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों और महिला समूहों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है, ताकि वे महिला उद्यमिता और स्वावलंबन से जुड़े प्रयासों को नजदीक से समझ सकें।

50,000 से अधिक महिलाओं की भागीदारी

इस भव्य आयोजन में पूरे प्रदेश से 50,000 से अधिक माताएं, बहनें और बेटियां शामिल होंगी। वृहद महतारी वंदन सम्मेलन और महिला मड़ई के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, सामाजिक उत्थान और आर्थिक स्वावलंबन को एक नई दिशा देने का प्रयास किया जा रहा है।