नेपाल में भारी बारिश से झीम नदी में उफान, डायवर्सन टूटा

नेपाल में भारी बारिश के कारण सीतामढ़ी की झीम और लखनदेई नदियों में जलस्तर बढ़ा, डायवर्सन टूटा, 15 गांव प्रभावित, लोग जान जोखिम में डालकर नदी पार कर रहे हैं।

नेपाल में भारी बारिश से झीम नदी में उफान, डायवर्सन टूटा

नेपाल में हो रही भारी बारिश के कारण सीतामढ़ी जिले के सोनबरसा प्रखंड में अधवारा समूह की झीम नदी में जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे नदी पर बना डायवर्सन टूट गया। डायवर्सन के क्षतिग्रस्त हो जाने से बसंतपुर, हरिहरपुर, विश्रामपुर, जमुनिया और मूसारणीय सहित लगभग 15 गांवों के लोगों की समस्याएं बढ़ गई हैं। अब ग्रामीणों को अपने गांव तक पहुंचने के लिए करीब 5 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।

इधर, सीतामढ़ी शहर के बीचों-बीच बहने वाली लखनदेई नदी में भी पानी अचानक बढ़ जाने के कारण वहां बना डायवर्सन खतरनाक स्थिति में पहुंच गया है। लोग अपनी जान जोखिम में डालकर नदी पार कर रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि नदी में जलस्तर में अचानक वृद्धि से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है और आवागमन में भारी परेशानी हो रही है।