कैमूर के करर गांव में लगा 5G टावर बना संचार क्रांति का प्रतीक, आज़ादी के बाद पहली बार मिला मोबाइल नेटवर्क

कैमूर जिले के करर गांव में बीएसएनएल का 5G टावर लगने से पहली बार मोबाइल नेटवर्क की सुविधा मिली। इससे ग्रामीणों को संचार की आज़ादी मिली और जीवन में बड़ा बदलाव आया।

कैमूर के करर गांव में लगा 5G टावर बना संचार क्रांति का प्रतीक, आज़ादी के बाद पहली बार मिला मोबाइल नेटवर्क

बिहार के कैमूर जिले के अधौरा प्रखंड स्थित करर गांव में छह माह पूर्व बीएसएनएल द्वारा लगाए गए 5G टावर ने इस दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्र की तस्वीर ही बदल दी है। वर्षों से नेटवर्क विहीन इस गांव में पहली बार मोबाइल नेटवर्क की सुविधा पहुंची है, जिससे ग्रामीणों के चेहरों पर खुशी साफ देखी जा सकती है।

करर गांव और इसके आसपास के सौ से अधिक गांव आज़ादी के बाद से ही मोबाइल नेटवर्क और संचार सुविधाओं से वंचित रहे हैं। यहां के लोग न तो आसानी से अपने परिजनों से बात कर पाते थे और न ही किसी आपातकालीन स्थिति में समय पर मदद मिल पाती थी। खराब स्वास्थ्य की स्थिति हो या पारिवारिक संदेश भेजना—हर छोटी-बड़ी जरूरत के लिए ग्रामीणों को ऊंचे पहाड़ों और जंगलों में नेटवर्क पकड़ने जाना पड़ता था।

करर गांव में करीब 80–85 घर हैं और लगभग 250 लोग यहां निवास करते हैं। ये लोग लंबे समय से इस संचार सुविधा का इंतजार कर रहे थे, जो अब जाकर पूरी हुई है।

स्थानीय निवासी बलराम यादव ने बताया,
"हमारे गांव में टावर एक साल पहले लगा था, लेकिन छह महीने पहले से काम करना शुरू किया। पहले हमें मोबाइल नेटवर्क के लिए पहाड़ पर चढ़ना पड़ता था। अब हर समय फोन आता है, बात करना आसान हो गया है।"

वहीं शिवकुमार चेरो ने अपनी बात रखते हुए कहा,
"पहले गांव में मोबाइल बिलकुल काम नहीं करता था। बात करने के लिए हमें जंगल की तरफ, पहाड़ की चिन्हित जगहों पर जाना पड़ता था। अब हर घर में मोबाइल चल रहा है। बीएसएनएल का 5G टावर लग गया है।"

इस टावर की स्थापना से न केवल ग्रामीणों को संपर्क की सुविधा मिली है, बल्कि इसके प्रभाव से शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशासनिक सुविधाओं का लाभ भी अब सुगमता से गांव तक पहुंच पाएगा। यह टावर उन तमाम ग्रामीणों के लिए आशा की किरण बनकर आया है, जो अब तक डिजिटल दुनिया से कटे हुए थे।

करर गांव में लगा यह 5G टावर वास्तव में सरकार की ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल समावेशन की दिशा में एक बड़ा और प्रेरणादायक कदम है। इससे न केवल करर गांव बल्कि आसपास के सभी पहाड़ी गांवों में जीवन की गुणवत्ता में सुधार आना तय है।