दमोह में बाढ़ जैसे हालात, कई गांवों का सड़क संपर्क टूटा

दमोह जिले में भारी बारिश के चलते कई मार्गों पर जलभराव और पुलों के क्षतिग्रस्त होने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। प्रशासन स्थिति पर निगरानी बनाए हुए है।

दमोह में बाढ़ जैसे हालात, कई गांवों का सड़क संपर्क टूटा

दमोह जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच अधिकांश क्षेत्रों में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन कुछ इलाकों में जलभराव और मार्ग अवरुद्ध होने की वजह से आवागमन पर असर पड़ा है। हिनौती पुल पर पानी पुल के ऊपर से बह रहा है, जिससे तेंदूखेड़ा से रहली, इमलिया, खर्राघाट, बांदकपुर से अभाना, कुम्हारी, बर्रट, पटेरा मार्ग और गैसाबाद-सिमरिया मार्ग समेत कई रास्तों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। छोटे-छोटे नालों पर भी पानी भर जाने के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया है।

दमोह से पन्ना का सड़क संपर्क भी टूट गया है। व्यारमा नदी पर बना झापन घाट पुल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, जहां अब केवल उसके पायों के अवशेष खड़े हैं और आवागमन पूरी तरह से रोक दिया गया है। लगातार बारिश के बीच प्रशासन सतर्क है और सभी संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात किया गया है। जिला कलेक्टर कोचर और पुलिस अधीक्षक स्वयं बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर हालात का जायज़ा ले रहे हैं, ताकि राहत और बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से अंजाम दिया जा सके।