शराब घोटाले में फंसे पूर्व आईएएस अनिल टुटेजा को जमानत से फिर झटका, हाईकोर्ट ने याचिका खारिज की

हाईकोर्ट ने प्रदेश के चर्चित शराब घोटाले और मनी लांड्रिंग मामले में जेल में बंद पूर्व आईएएस अधिकारी अनिल टुटेजा की जमानत याचिका खारिज कर दी है।

शराब घोटाले में फंसे पूर्व आईएएस अनिल टुटेजा को जमानत से फिर झटका, हाईकोर्ट ने याचिका खारिज की

हाईकोर्ट ने प्रदेश के चर्चित शराब घोटाले और मनी लांड्रिंग मामले में जेल में बंद पूर्व आईएएस अधिकारी अनिल टुटेजा की जमानत याचिका खारिज कर दी है। जस्टिस अरविंद वर्मा की बेंच में हुई सुनवाई के दौरान टुटेजा के वकील ने तर्क दिया कि उनके मुवक्किल के खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं है और उन्हें राजनीतिक षड्यंत्र के तहत झूठे मामले में फंसाया गया है। वहीं, ईडी की ओर से पेश हुए उपमहाधिवक्ता डॉ. सौरभ पांडेय ने जमानत का विरोध करते हुए कहा कि शराब घोटाले में टुटेजा के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य हैं और जमानत मिलने से गवाहों और सबूतों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

ईडी ने कोर्ट को बताया कि जांच में यह साफ हुआ है कि अनिल टुटेजा, अरुणपति त्रिपाठी और अनवर ढेबर के साथ मिलकर सिंडिकेट का मुख्य हिस्सा थे। सरकारी पद का दुरुपयोग करते हुए उन्होंने शराब की अवैध बिक्री में अहम भूमिका निभाई। टुटेजा को अप्रैल 2024 में ईडी ने गिरफ्तार किया था।

इससे पहले भी एसीबी की कार्रवाई के खिलाफ दायर उनकी जमानत याचिका खारिज हो चुकी है। 4 दिसंबर 2024 को कोर्ट ने भ्रष्टाचार मामले में सुनवाई करते हुए कड़ी टिप्पणी की थी कि ऐसे अपराध राष्ट्र के लिए घातक हैं और दोषी लोक सेवकों को दंडित करना अनिवार्य है। कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा था कि अपराध की गंभीरता को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।