भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौता: दूसरे दौर की वार्ता सफल, सितंबर में तीसरा चरण न्यूजीलैंड में
भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते की दूसरी चरण की वार्ता दिल्ली में सफलतापूर्वक संपन्न, सितंबर में अगला दौर न्यूजीलैंड में होगा। व्यापार और निवेश में सहयोग को लेकर सकारात्मक प्रगति।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को लेकर दूसरे दौर की वार्ता राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में 14 से 25 जुलाई तक सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस वार्ता का उद्देश्य दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक साझेदारी को और मजबूत करना रहा। बातचीत का अगला (तीसरा) दौर सितंबर 2025 में न्यूजीलैंड में आयोजित होगा।
वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार, दूसरे दौर में मिली प्रगति को बनाए रखने के लिए दोनों पक्षों के बीच वर्चुअल बैठकें भी जारी रहेंगी।
इस दौर में सामान और सेवाओं का व्यापार, निवेश, मूल-देश के नियम, कस्टम प्रक्रियाएं, व्यापार सुगमता, तकनीकी बाधाएं, स्वच्छता और पादप-स्वच्छता उपाय, और आर्थिक सहयोग जैसे कई अहम क्षेत्रों में अच्छी प्रगति हुई।
दोनों देशों ने जल्द सहमति बनाने की रुचि दिखाई और एक संतुलित, व्यापक और भविष्यदृष्टि वाले समझौते तक पहुंचने की प्रतिबद्धता दोहराई।
यह सकारात्मक कदम मार्च में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के बीच हुई बैठक का परिणाम है, जिसमें आर्थिक संबंधों को और गहरा करने पर सहमति बनी थी।
वित्त वर्ष 2024-25 में भारत-न्यूजीलैंड द्विपक्षीय व्यापार 1.3 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया, जो पिछले साल की तुलना में 48.6% अधिक है। यह आंकड़ा दोनों देशों के बीच बढ़ती आर्थिक संभावनाओं को दर्शाता है।
एफटीए से व्यापार को गति मिलने, निवेश संबंधों को बल, आपूर्ति श्रृंखलाओं को लचीला बनाने, और दोनों देशों के व्यवसायों के लिए एक स्थिर और समर्थ वातावरण विकसित होने की उम्मीद है।
इस समझौते की शुरुआत 16 मार्च को वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और न्यूजीलैंड के व्यापार एवं निवेश मंत्री टॉड मैक्ले के बीच हुई बैठक में हुई थी।