स्वच्छता में फिर बना इंदौर का दबदबा, आठवीं बार बना देश का सबसे स्वच्छ शहर
स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 में इंदौर ने लगातार आठवीं बार देश का सबसे स्वच्छ शहर बनने का गौरव हासिल किया। राष्ट्रपति मुर्मु ने नई दिल्ली में विजेताओं को सम्मानित किया।
इंदौर ने एक बार फिर स्वच्छता के क्षेत्र में अपना परचम लहराया है। लगातार आठवीं बार इंदौर को देश का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया है। यह सम्मान केंद्र सरकार के वार्षिक स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 के तहत मिला है। सूरत दूसरे स्थान पर रहा, जबकि नवी मुंबई को तीसरा स्थान मिला।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में स्वच्छता सर्वेक्षण के नौवें संस्करण के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता, विकसित भारत 2047 की परिकल्पना का एक महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने देशवासियों से स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित भारत के निर्माण में भागीदारी की अपील की।
राष्ट्रपति ने इस बात पर भी बल दिया कि भारत में प्राचीन काल से ही स्वच्छता न केवल जीवनशैली बल्कि आध्यात्मिक चेतना का हिस्सा रही है। उन्होंने कहा कि 2025 में भारत स्वच्छता और आस्था का एक अद्भुत संगम देखने जा रहा है।
तीन से 10 लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में नोएडा सबसे स्वच्छ शहर रहा, इसके बाद चंडीगढ़ और मैसूर का नाम आया। वहीं, 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में अहमदाबाद को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ।
इस वर्ष कुल 78 पुरस्कार चार प्रमुख श्रेणियों में दिए गए। इनमें सुपर स्वच्छ लीग शहर और विभिन्न जनसंख्या आधारित वर्गों के शीर्ष तीन शहर शामिल हैं।