शिबू सोरेन के निधन पर लालू प्रसाद यादव ने जताया शोक, कहा- उनका योगदान अमूल्य
शिबू सोरेन के निधन पर लालू यादव ने गहरा शोक जताया और उन्हें दलित-आदिवासी समुदाय की आवाज बताया। जानिए लालू यादव ने क्या कहा।
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और आदिवासी समुदाय के वरिष्ठ नेता शिबू सोरेन के निधन पर राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन केवल झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे भारत के दलित और आदिवासी समुदाय के एक बड़े और मजबूत चेहरे थे। उन्होंने जीवनभर गरीबों, वंचितों और शोषित वर्गों की आवाज को बुलंद किया और लंबे समय तक सक्रिय राजनीति में अपनी अहम भूमिका निभाई। उनके निधन को लालू यादव ने बेहद दुखद बताया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
लालू यादव ने यह भी कहा कि वह शिबू सोरेन के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और इस दुखद समय में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी शीघ्र बातचीत करेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि उनके परिवार और शिबू सोरेन के परिवार के बीच पारिवारिक संबंध रहे हैं, जिससे यह समाचार उन्हें अत्यंत दुखद प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि राजनीति में शिबू सोरेन का योगदान अमूल्य है और आने वाली पीढ़ियां उनके संघर्ष और सेवाभाव को हमेशा याद रखेंगी।