छत्तीसगढ़ में अब 78 लाख मीट्रिक टन धान की होगी खरीदी, किसानों की आय बढ़ाने केंद्र सरकार का बड़ा फैसला

केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ में खरीफ वर्ष 2024-25 के लिए धान खरीदी सीमा को बढ़ाकर 78 लाख मीट्रिक टन कर दिया, मुख्यमंत्री ने कहा- यह किसानों के लिए ऐतिहासिक दिन।

छत्तीसगढ़ में अब 78 लाख मीट्रिक टन धान की होगी खरीदी, किसानों की आय बढ़ाने केंद्र सरकार का बड़ा फैसला

छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए आज का दिन ऐतिहासिक बन गया है। केंद्र सरकार ने खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के लिए धान खरीदी का अनुमान 70 लाख मीट्रिक टन से बढ़ाकर 78 लाख मीट्रिक टन कर दिया है। यह निर्णय राज्य के लाखों किसानों की मेहनत को सम्मान देने वाला है और उनकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इसे केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार की किसानों के प्रति प्रतिबद्धता का उदाहरण बताया।

सीएम साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि 8 लाख मीट्रिक टन अतिरिक्त धान खरीदने की स्वीकृति, किसानों के परिश्रम की सराहना है और इससे राज्य की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने बताया कि सरकार धान खरीदी की प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए पूरी तरह तैयार है। किसानों को उचित मूल्य, समय पर भुगतान और सुगम व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही राज्य सरकार किसानों की आर्थिक उन्नति और सम्मान को प्राथमिकता दे रही है।