रायगढ़ में शिक्षकों की नियुक्ति से बदली स्कूलों की तस्वीर
छत्तीसगढ़ में चर्चित CGMSC घोटाले के तहत दुर्ग स्थित मोक्षित कॉर्पोरेशन के ठिकानों पर ED ने छापा मारा, मामले में करोड़ों की हेराफेरी और फर्जी खरीद का आरोप है।
छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित CGMSC घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आज सुबह दुर्ग स्थित मोक्षित कॉरपोरेशन के ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई लगभग सुबह 6 बजे शुरू हुई, जब ED की 6 से 7 गाड़ियों में आई टीम ने मोक्षित के कार्यालय और अन्य परिसरों पर दस्तावेजों की जांच शुरू की। इस कार्रवाई में दो दर्जन से अधिक अधिकारी शामिल बताए जा रहे हैं। मोक्षित कॉरपोरेशन का नाम 400 से 660 करोड़ रुपये के कथित दवा खरीद घोटाले में सामने आया था।
इससे पहले, 27 जनवरी को आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) की टीम ने भी रायपुर, दुर्ग और हरियाणा के पंचकुला में मोक्षित कॉर्पोरेशन के कई ठिकानों पर छापा मारा था। उस समय कंपनी के एमडी शशांक चोपड़ा, उनके भाई, रिश्तेदारों और सहयोगियों के घरों व कार्यालयों पर भी तलाशी ली गई थी। उस कार्रवाई में बड़ी संख्या में दस्तावेज बरामद किए गए थे।
CGMSC घोटाले में यह आरोप है कि ब्लड सैंपल कलेक्शन के लिए प्रयुक्त EDTA ट्यूब, जिसकी बाजार कीमत 8.50 रुपये प्रति नग है, उसे 2,352 रुपये प्रति नग की दर से खरीदा गया। इस भारी कीमत अंतर को लेकर जांच एजेंसियों ने मोक्षित कॉर्पोरेशन के खिलाफ मामला दर्ज किया। जनवरी 2024 में इस मामले में शशांक चोपड़ा को गिरफ्तार भी किया गया था।
इस पूरे घोटाले का खुलासा तब हुआ जब पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर ने दिसंबर 2024 में दिल्ली जाकर प्रधानमंत्री कार्यालय, केंद्रीय गृहमंत्री कार्यालय, CBI और ED मुख्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। उनकी शिकायत पर केंद्र ने कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद EOW ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज की।
ED की ताजा रेड ने एक बार फिर इस बहुचर्चित घोटाले को सुर्खियों में ला दिया है और मामले की जांच अब और तेज होने की उम्मीद है।