राजनीति सेवा का माध्यम होनी चाहिए: विजय कुमार सिन्हा

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने लखीसराय के गौरी शंकर धाम में सावन की सोमवारी पर पूजा की और जनता को संबोधित करते हुए राजनीति को सेवा का माध्यम बताया, साथ ही तेजस्वी यादव पर निशाना साधा।

राजनीति सेवा का माध्यम होनी चाहिए: विजय कुमार सिन्हा

बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा सोमवार को लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा प्रखंड के दौरे पर पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने प्रसिद्ध गौरी शंकर धाम में सावन की सोमवारी के पावन अवसर पर विधिवत पूजा-अर्चना की।

मंदिर में पहुंचने पर समिति के सदस्यों और श्रद्धालुओं ने उनका भव्य स्वागत किया। उपमुख्यमंत्री को प्रतीक चिन्ह, पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। मंदिर परिसर में उन्होंने कहा कि सरकार मंदिर के समुचित विकास और संरक्षण हेतु हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।

पूजन के बाद श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए विजय कुमार सिन्हा ने कहा, "गौरी शंकर धाम लखीसराय की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का केंद्र है। यहां भगवान शिव और माता पार्वती अर्धनारीश्वर स्वरूप में विराजमान हैं, जो शिव और शक्ति के संतुलन का प्रतीक हैं।"

राजनीति पर भी बोले विजय सिन्हा, तेजस्वी यादव को घेरा
संबोधन के दौरान विजय कुमार सिन्हा ने राजनीतिक विरोधियों, विशेषकर तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, "तेजस्वी यादव दो-दो मुख्यमंत्रियों के बेटे हैं। उन्हें राजनीति विरासत में मिली है। वे चांदी और सोने के चम्मच लेकर पैदा हुए हैं। जबकि मैं एक शिक्षक का बेटा हूं, जिसने मेहनत और जनता के विश्वास से राजनीति में स्थान बनाया है।"

उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य सरकार और केंद्र सरकार मिलकर बिहार के समग्र विकास पर काम कर रही हैं। “हमारी प्राथमिकता अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। राजनीति सिर्फ सत्ता का साधन नहीं, सेवा का माध्यम होनी चाहिए।”