प्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी को दी 2200 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, 9.7 करोड़ किसानों को मिली किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी में 2200 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन किया और देशभर के 9.7 करोड़ किसानों को पीएम किसान योजना की 20वीं किस्त सौंपी।

प्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी को दी 2200 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, 9.7 करोड़ किसानों को मिली किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में लगभग 2200 करोड़ रुपये की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। ये परियोजनाएं बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, शहरी विकास और सांस्कृतिक संरक्षण जैसे क्षेत्रों से संबंधित हैं।

इसी कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने 'प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि' योजना की 20वीं किस्त भी देशभर के 9.7 करोड़ किसानों के खाते में ट्रांसफर की। इस योजना के तहत किसानों को आर्थिक सहायता दी जाती है।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया और उन्हें 'शिवलिंग' स्मृति चिन्ह भेंट किया। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य सहित कई मंत्री और जनप्रतिनिधि भी मंच पर उपस्थित रहे।

सीएम योगी ने प्रधानमंत्री मोदी को विश्व का सबसे लोकप्रिय नेता बताते हुए कहा कि पिछले 11 वर्षों में 50 से ज्यादा देशों ने उन्हें सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजा है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने देश को नया विजन दिया है और काशी को नई पहचान दिलाई है।

मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि पीएम मोदी अब तक 51 बार वाराणसी आ चुके हैं, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। पिछले 11 सालों में वाराणसी के लिए 51 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं, जिनमें से 34 हजार करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण हो चुका है और 16 हजार करोड़ रुपये की योजनाएं निर्माणाधीन हैं।