हिंद-प्रशांत सहयोग की ओर बढ़ते कदम: मोदी-मार्कोस की मुलाकात
फिलीपींस के राष्ट्रपति आर. मार्कोस जूनियर की भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात हुई। इस यात्रा से दोनों देशों के ऐतिहासिक और रणनीतिक संबंधों को नई मजबूती मिली।
फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर भारत की पांच दिवसीय राजकीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे हैं। मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद हाउस में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इससे पहले राष्ट्रपति भवन में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी उनका स्वागत किया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर स्वागत की तस्वीरें साझा करते हुए दोनों देशों के सभ्यतागत और ऐतिहासिक संबंधों को याद किया। उन्होंने लिखा कि भारत और फिलीपींस की मित्रता वर्षों पुरानी है और अब इसे नई ऊंचाइयों तक ले जाने का समय है।
अपने बयान में राष्ट्रपति मार्कोस ने कहा कि यह यात्रा भारत-फिलीपींस गठबंधन को फिर से पुष्ट करती है। उन्होंने कहा कि जहां पहले इसे एशिया-प्रशांत क्षेत्र कहा जाता था, अब हिंद-प्रशांत क्षेत्र का महत्व बढ़ गया है। यह परिवर्तन वैश्विक राजनीति, व्यापार और तकनीकी विकास का प्रतीक है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भारत और फिलीपींस के बीच जो सहयोग पहले से मौजूद है, उसे और अधिक सशक्त करने और नई तकनीकी व आर्थिक संभावनाओं का लाभ उठाने के लिए यह यात्रा की जा रही है।