बस्तर ओलंपिक की तैयारी तेज, 40 हजार से अधिक खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
बस्तर ओलंपिक 2025 की तैयारियों की समीक्षा उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा ने की। 40 हजार खिलाड़ी 11 खेलों में हिस्सा लेंगे, दिव्यांग और आत्मसमर्पित नक्सली भी दिखाएंगे हुनर।
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव और श्री विजय शर्मा ने नवा रायपुर में बस्तर ओलंपिक की तैयारियों की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव श्री यशवंत कुमार, संयुक्त सचिव श्री सुखनाथ अहिरवार और संचालक श्रीमती तनूजा सलाम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी अक्टूबर-नवंबर में बस्तर ओलंपिक का भव्य आयोजन विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर किया जाएगा। इस खेल महोत्सव में बस्तर संभाग के सात जिलों और 32 विकासखंडों से 40 हजार से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे।
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि बस्तर ओलंपिक केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि विकास और खेल का संगम है। इस आयोजन से बस्तर के युवाओं को भयमुक्त वातावरण मिलेगा और उनमें नेतृत्व क्षमता व आत्मविश्वास विकसित होगा। उन्होंने आयोजन के ध्येय वाक्य ‘करसाय ता बस्तर बरसाय ता बस्तर’ (खेलेगा बस्तर जीतेगा बस्तर) को धरातल पर उतारने पर जोर दिया।
गृह मंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर ओलंपिक को यादगार बनाने सभी विभाग अपनी-अपनी जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार कर बस्तर के हर गांव से बच्चों और युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
करीब डेढ़ महीने तक चलने वाले इस आयोजन में 11 खेलों – एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी, वेटलिफ्टिंग, कराटे, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल और रस्साखींच – की स्पर्धाएं होंगी। प्रतियोगिताएं जूनियर और सीनियर वर्ग में महिला और पुरुष खिलाड़ियों के लिए होंगी। खास बात यह है कि नक्सल हिंसा के दिव्यांग और आत्मसमर्पित नक्सली भी प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपना दमखम दिखाएंगे।