GST 2.0 सुधार: PM Modi का ऐतिहासिक कदम, स्वास्थ्य और शिक्षा को सस्ता बनाया
आम जनता ने GST 2.0 सुधारों का स्वागत किया। टैक्स कटौती से स्वास्थ्य, शिक्षा और उपभोक्ता वस्तुएं सस्ती होंगी और अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।
गुरुवार को आम लोगों ने GST 2.0 सुधारों की सराहना करते हुए कहा कि इस कदम से देश का प्रत्येक नागरिक सशक्त होगा।
शाक्य सिंह महापात्रा ने बताया कि जीएसटी सुधार प्रधानमंत्री मोदी के ‘सबका साथ सबका विकास’ मॉडल को देशभर में साकार करता है। अब जीएसटी केवल 5 प्रतिशत और 18 प्रतिशत पर सीमित हो गया है, जबकि सिन गुड्स के लिए 40 प्रतिशत तय किया गया है। उन्होंने कहा कि यह लघु और सूक्ष्म उद्यमों के लिए भी लाभकारी कदम है।
महापात्रा ने आगे बताया कि व्यक्तिगत स्वास्थ्य और जीवन बीमा प्रीमियम पर जीएसटी अब पूरी तरह शून्य कर दिया गया है। साथ ही चिकित्सा उपकरण और जरूरी दवाओं पर टैक्स 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है। शिक्षा क्षेत्र में भी नए फैसले के तहत मैप्स, चार्ट्स, ग्लोब्स, नोटबुक्स, एक्सरसाइज बुक्स आदि पर जीएसटी पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है।
रोशन कुमार नीरज ने कहा कि खाने-पीने की चीजें अब सस्ती होंगी। ऑटोमोबाइल सेक्टर में डीजल हाइब्रिड कारें, तिपहिया वाहन और मोटरसाइकिल पर टैक्स 28 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत किया गया है। इससे लोगों की क्रय शक्ति बढ़ेगी और अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
बिप्लब कुमार ने बताया कि एमएसएमई को इस फैसले से सीधा लाभ मिलेगा। वहीं, सिखित ने इसे मध्यम वर्ग के लिए अत्यंत लाभकारी कदम बताया और सरकार के इस निर्णय का स्वागत किया।
कुल मिलाकर GST 2.0 सुधार आम जनता, उद्योग और व्यवसायिक क्षेत्रों के लिए बड़ा लाभ लेकर आया है, जिससे जीवन सरल और आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी।