Haryana: किसानों की महापंचायत; डल्लेवाल बोले- आने वाले समय में तेज होगा किसान आंदोलन

200 दिन पूरे होने पर दातासिंहवाला बॉर्डर पर किसानों की महापंचायत हुई। विनेश फोगाट बोलीं कि किसानों की हालत देख दुख होता है। किसान एक सितंबर को यूपी के संभल, 15 सितंबर को उचाना व 22 सितंबर को पिपली में महापंचायत करेंगे।

Haryana: किसानों की महापंचायत; डल्लेवाल बोले- आने वाले समय में तेज होगा किसान आंदोलन

दातासिंहवाला बॉर्डर पर 13 फरवरी से शुरू हुए किसान आंदोलन के 200 दिन पूरे होने पर शनिवार को किसानों ने महापंचायत की। इस दौरान सभी किसानों ने आंदोलन को और मजबूत करने का प्रण लिया। महापंचायत में महिला पहलवान विनेश फोगाट भी पहुंचीं। इस दौरान किसान नेताओं ने उन्हें सम्मानित किया।

जगजीत सिंह डल्लेवाल ने कहा कि शंभू बॉर्डर पर भी इसी प्रकार से महापंचायत का आयोजन किया गया है। आने वाले समय में आंदोलन को तेज किया जाएगा। एक सितंबर को यूपी के संभल, 15 सितंबर को उचाना व 22 सितंबर को कुरुक्षेत्र के पीपली में किसान महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। हरियाणा में आयोजित होने वाली महापंचायतों में पंजाब समेत कई राज्यों के किसान भाग लेंगे।

उन्होंने कहा कि हरियाणा के गांव-गांव में जाकर पदाधिकारी 10 साल में भाजपा के किसान-मजदूर विरोधी कार्य के बारे में ग्रामीणों को बताया जा रहा है। इस अवसर पर बलदेव सिंह सिरसा, अभिमन्यु कोहाड़ ने महापंचायत को संबोधित किया।

आज अपने परिवार के बीच आई हूं : विनेश
विनेश फोगाट ने कहा कि वह आज अपने परिवार के बीच आई हैं। किसानों की हालत देखकर उन्हें दुख होता है। किसानों को अपनी मांगों को लेकर इतने लंबे समय तक धरने पर बैठना पड़ रहा है। यदि किसान अनाज पैदा करना बंद कर दें, तो लोग भूखे मर जाएंगे। किसानों का संघर्ष हम सब को प्रेरणा देता है। जब भी हमारा किसान-मजदूर समाज हमें याद करेगा हम उनके साथ खड़े मिलेंगे।