हिंदन एयरबेस पर भारतीय वायुसेना का 93वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया
गाज़ियाबाद स्थित हिंदन एयरबेस पर भारतीय वायुसेना का 93वां स्थापना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर शानदार हेरिटेज फ्लाइट प्रदर्शन और एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह का प्रेरक संबोधन हुआ।
उत्तर प्रदेश के गाज़ियाबाद स्थित एयरफोर्स स्टेशन हिंदन पर आज भारतीय वायुसेना का 93वां स्थापना दिवस बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर वायुसेना के गौरवशाली इतिहास और वीरता को सलाम करते हुए शानदार हेरिटेज फ्लाइट ने आसमान में रोमांचक एरियल डिस्प्ले प्रस्तुत किया, जिसे देखने हजारों दर्शक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने कहा कि भारतीय वायुसेना ने अपने विनम्र प्रारंभ से लेकर आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी वायुसेना बनने तक का असाधारण सफर तय किया है। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में वायुसेना का प्रदर्शन उसकी दक्षता और साहस का प्रमाण है, जिसने सटीक और साहसिक हमलों के माध्यम से राष्ट्रीय चेतना में आक्रामक हवाई कार्रवाई की महत्ता को पुनर्स्थापित किया।
एयर चीफ मार्शल सिंह ने आगे कहा कि वायुसेना निरंतर नवाचार और अनुकूलनशीलता पर बल देती है। उन्होंने बताया कि भारतीय वायुसेना का प्रशिक्षण और योजना निर्माण “Train like we fight” यानी “जैसे लड़ाई करते हैं, वैसे ही प्रशिक्षण लें” की नीति पर आधारित है, जिससे हर परिस्थिति में सर्वोत्तम प्रदर्शन सुनिश्चित हो सके।
स्थापना दिवस समारोह में भारतीय वायुसेना की विरासत, तकनीकी श्रेष्ठता और देश की हवाई सीमाओं की सुरक्षा के प्रति उसकी अदम्य प्रतिबद्धता का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला।