लखनऊ: बख्तौरीखेड़ा गांव में जबरन धर्मांतरण का खुलासा, मलखान गिरफ्तार

लखनऊ के निगोहां क्षेत्र के बख्तौरीखेड़ा गांव में जबरन धर्मांतरण कराने का खुलासा हुआ। आरोपी मलखान गिरफ्तार, अब तक 12 लोगों का धर्म परिवर्तन कराने का आरोप। पुलिस जांच जारी।

लखनऊ: बख्तौरीखेड़ा गांव में जबरन धर्मांतरण का खुलासा, मलखान गिरफ्तार

निगोहां थाना क्षेत्र के बख्तौरीखेड़ा गांव में जबरन धर्मांतरण कराने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शनिवार को आरोपी मलखान को गिरफ्तार किया, जो पिछले दो साल से धर्म परिवर्तन कराने वाला गैंग चला रहा था।

बजरंग दल के सुरक्षा प्रमुख धर्मेंद्र शर्मा की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया। बताया गया कि मलखान अपने खेत में बने हॉल में हर गुरुवार और रविवार को चंगाई सभा आयोजित करता था, जहां वह ग्रामीणों को लालच देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करता था। पुलिस ने इस हॉल को सील कर दिया है।

डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल ने बताया कि कुछ समय से पुलिस को लगातार शिकायत मिल रही थी कि बख्तौरीखेड़ा गांव में अनुसूचित जाति के लोगों को ईसाई धर्म में परिवर्तित कराया जा रहा है। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने छापेमारी कर मलखान को उसके घर से गिरफ्तार किया। उसके पास से दो बाइबिल और धर्म प्रचार से जुड़ी सामग्री बरामद हुई है।

एसीपी मोहनलालगंज रजनीश वर्मा ने बताया कि पूछताछ में खुलासा हुआ कि मलखान अब तक 12 लोगों का धर्म परिवर्तन करा चुका है। पुलिस इन लोगों से संपर्क करने में जुटी है। चंगाई सभा में आने वाले लोगों को लालच देकर धर्म परिवर्तन कराया जाता था।

जांच में यह भी सामने आया कि मलखान ने वर्ष 2016 में खुद ईसाई धर्म अपना लिया था और तभी से वह इस अवैध गतिविधि में सक्रिय था। पुलिस को उसके दो बैंक खातों के बारे में जानकारी मिली है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि फंडिंग कहां से आ रही थी और कौन लोग उसकी मदद कर रहे थे।

डीसीपी ने आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम को 25 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस अब आरोपी के नेटवर्क और सहयोगियों की तलाश में जुटी हुई है।