मध्यप्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 14 आईएएस अधिकारियों का तबादला
मध्यप्रदेश सरकार ने देर रात 14 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए। इंदौर, जबलपुर और उज्जैन समेत कई जिलों में कलेक्टर-आयुक्त बदले गए। दीपक सक्सेना को जनसंपर्क आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई।
मध्यप्रदेश सरकार ने सोमवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 14 अधिकारियों का तबादला कर दिया। इस फेरबदल में इंदौर, जबलपुर, कटनी, बड़वानी और आगर मालवा सहित कई जिलों के कलेक्टर बदले गए हैं।
नए आदेशों के अनुसार, डॉ. सुदाम पंढरीनाथ खाड़े को इंदौर संभाग का नया आयुक्त बनाया गया है। वहीं, इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह को उज्जैन का आयुक्त नियुक्त किया गया है। जबलपुर कलेक्टर दीपक कुमार सक्सेना को जनसंपर्क सह आयुक्त तथा मध्यप्रदेश माध्यम के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
इंदौर प्रशासन में इस बार सबसे बड़ा बदलाव देखने को मिला है, क्योंकि कलेक्टर, आयुक्त और निगमायुक्त—तीनों पदों पर नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। खास बात यह है कि नवाचारों के लिए प्रसिद्ध दीपक सक्सेना अब राज्य की जनसंपर्क व्यवस्था की कमान संभालेंगे।