नीरज चोपड़ा को भारतीय सेना में मानद लेफ्टिनेंट कर्नल की उपाधि, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लगाए रैंक इंसिग्निया
दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा को भारतीय सेना में मानद लेफ्टिनेंट कर्नल की उपाधि प्रदान की गई। नई दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और थलसेनाध्यक्ष जनरल उपेन्द्र द्विवेदी की उपस्थिति में पिपिंग सेरेमनी संपन्न हुई।
भारत के स्टार एथलीट और दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा को भारतीय सेना में मानद लेफ्टिनेंट कर्नल की उपाधि प्रदान की गई है। इस अवसर पर आयोजित पिपिंग सेरेमनी नई दिल्ली में संपन्न हुई, जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और थलसेनाध्यक्ष जनरल उपेन्द्र द्विवेदी उपस्थित रहे। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने नीरज चोपड़ा के कंधों पर लेफ्टिनेंट कर्नल के नए रैंक इंसिग्निया लगाए और उन्हें सम्मानित किया।
नीरज चोपड़ा ने अगस्त 2016 में भारतीय सेना में नायब सूबेदार (Naib Subedar) के रूप में जूनियर कमीशंड अधिकारी के तौर पर ज्वाइन किया था। दो वर्ष बाद उन्हें अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया और 2021 में खेल रत्न पुरस्कार भी प्राप्त हुआ। उसी वर्ष उन्हें सूबेदार के पद पर पदोन्नत किया गया।
टोक्यो ओलंपिक 2020 में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने के बाद नीरज चोपड़ा को 2022 में परम विशिष्ट सेवा पदक (PVSM) से सम्मानित किया गया, जो भारतीय सेना का सर्वोच्च शांति कालीन पुरस्कार है। उसी वर्ष उन्हें सूबेदार मेजर के पद पर पदोन्नति मिली और पद्म श्री सम्मान से भी नवाजा गया।
27 वर्षीय नीरज चोपड़ा आज देश के उन चंद खिलाड़ियों में से एक हैं जिन्होंने न केवल खेल के क्षेत्र में भारत का नाम रोशन किया, बल्कि भारतीय सेना के गौरव को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।