मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुंगेर में 12,690 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास, बोले – पाँच साल में एक करोड़ युवाओं को मिलेगा रोजगार

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुंगेर में 12,690 करोड़ रुपये की 15 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार अगले पाँच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को रोजगार देने के लक्ष्य पर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुंगेर में 12,690 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास, बोले – पाँच साल में एक करोड़ युवाओं को मिलेगा रोजगार

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज मुंगेर में 12,690 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 15 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने राज्य के युवाओं के लिए बड़े रोजगार अभियान की घोषणा करते हुए कहा कि आगामी पाँच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य तय किया गया है।

मुख्यमंत्री ने जमालपुर औद्योगिक क्षेत्र में मदर डेयरी प्लांट के भूमि पूजन के दौरान कहा कि 209 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह प्लांट न सिर्फ मुंगेर बल्कि बांका, जमुई, लखीसराय, भागलपुर और खगड़िया सहित छह जिलों के किसानों के लिए आत्मनिर्भरता का नया साधन बनेगा। उन्होंने कहा कि इस प्लांट के माध्यम से किसानों से सीधे दूध खरीदा जाएगा, जिससे उनकी आमदनी में वृद्धि होगी और क्षेत्र में हजारों नए रोजगार अवसर पैदा होंगे।

मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि अब तक बिहार में 10 लाख सरकारी नौकरियां और 40 लाख से अधिक निजी व अन्य रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा चुके हैं। यानी कुल मिलाकर 50 लाख से अधिक लोगों को रोजगार दिया गया है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, जीविका दीदियों, विद्युत उपभोक्ताओं और अन्य कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद किया। उन्होंने स्थानीय कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की और उनकी समस्याओं व सुझावों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

केंद्र सरकार की निरंतर आर्थिक सहायता के लिए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि एनडीए सरकार बनने के बाद बिहार में विकास की गति और तेज हुई है। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय राज्य मंत्री एस.पी. सिंह बघेल सहित कई वरिष्ठ नेता और अधिकारी उपस्थित थे।