सारण में आईटीआई परीक्षा घोटाला, सॉल्वर गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार

सारण पुलिस ने आईटीआई परीक्षा में नकल कराने वाले सॉल्वर गिरोह का पर्दाफाश किया, चार आरोपी गिरफ्तार, तीन फरार, जांच में साइबर टीम शामिल।

सारण में आईटीआई परीक्षा घोटाला, सॉल्वर गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार

सारण पुलिस ने तकनीकी शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचा रहे एक बड़े सॉल्वर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुमार आशीष के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) के नेतृत्व में की गई।

गिरोह भगवान बाजार थाना क्षेत्र स्थित आंचल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी में संचालित ऑनलाइन आईटीआई परीक्षा के दौरान छात्रों से पैसे लेकर पास कराने और अंकों में हेराफेरी का झांसा देकर ठगी कर रहा था।

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने संस्थान में छापा मारा और मौके से चार आरोपियों — रोहित कुशवाहा, संतोष कुमार, धीरज कुमार सिंह और रणधीर कुमार विद्यार्थी — को गिरफ्तार किया।

व्हाट्सऐप चैट से खुली पोल:
पुलिस जांच में आरोपियों के मोबाइल फोन से व्हाट्सऐप और टेलीग्राम चैट के जरिए परीक्षा से जुड़ी नकल, प्रश्न-उत्तर भेजने और धोखाधड़ी की योजनाओं के प्रमाण मिले।

जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह के तीन अन्य सदस्य फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह तकनीकी परीक्षाओं की शुचिता को नुकसान पहुंचाकर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ कर रहा था। मामले की गहन जांच के लिए साइबर फॉरेंसिक टीम को भी लगाया गया है।