रोहतास दौरे पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, विकास योजनाओं की देंगे सौगात

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 24 सितंबर को रोहतास जिले का दौरा करेंगे। इस दौरान वे नई विकास योजनाओं का शिलान्यास और पूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।

रोहतास दौरे पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, विकास योजनाओं की देंगे सौगात

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 24 सितंबर को रोहतास जिले का दौरा करने वाले हैं। इस अवसर पर वे जिले को कई नई विकास योजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री कुछ नई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे और पहले से पूर्ण हो चुके कार्यों का उद्घाटन भी करेंगे।

तैयारियों में जुटा प्रशासन
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और एनडीए गठबंधन के कार्यकर्ता पूरी तरह सक्रिय हो गए हैं। कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जिला अधिकारी उदिता सिंह, डीडीसी विजय कुमार पांडेय और अन्य वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थल निरीक्षण कर रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए डीआईजी सत्य प्रकाश ने भी विभिन्न स्थलों का मुआयना किया।

फैजलगंज स्टेडियम बनेगा मुख्य कार्यक्रम स्थल
मुख्य कार्यक्रम फैजलगंज स्थित न्यू स्टेडियम में आयोजित होगा। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर केंद्रीय विद्यालय परिसर में बनाए जा रहे अस्थायी हेलिपैड पर उतरेगा। डीएम ने हेलिपैड निर्माण का निरीक्षण कर विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।

कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल
जदयू और एनडीए समर्थक मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर काफी उत्साहित हैं। पूरे शहर में तोरणद्वार लगाए गए हैं और बैनर-पोस्टरों से शहर सजाया जा रहा है। कार्यकर्ताओं का मानना है कि यह दौरा जिले के विकास के लिए ऐतिहासिक साबित होगा।

जदयू जिलाध्यक्ष अजय सिंह कुशवाहा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का यह दौरा रोहतास जिले के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। पार्टी कार्यकर्ता और प्रशासन मिलकर इस कार्यक्रम को भव्य और सफल बनाने में जुटे हुए हैं।