मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वाल्मिकीनगर में 1198 करोड़ की 357 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पश्चिम चंपारण के वाल्मिकीनगर में 1198.86 करोड़ की लागत से 357 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। योजनाओं से वृद्धजन, दिव्यांगजन, विधवा महिलाएं और जीविका दीदियों को लाभ मिला।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वाल्मिकीनगर में 1198 करोड़ की 357 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज पश्चिम चंपारण जिले के वाल्मिकीनगर में लवकुश इको टूरिज्म पार्क के निर्धारित स्थल से कुल 1198.86 करोड़ रुपए की लागत वाली 357 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

इसमें 237 योजनाओं का 197.36 करोड़ रुपए की लागत से उद्घाटन, 114 योजनाओं का 586.67 करोड़ रुपए की लागत से शिलान्यास और 414.83 करोड़ रुपए की प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं से संबंधित 6 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने लवकुश इको टूरिज्म पार्क का निरीक्षण भी किया।

कार्यक्रम के दौरान वाल्मिकीनगर के वाल्मिकी सभागार परिसर में मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों, पेंशनधारियों और अन्य योजनाओं के लाभुकों से संवाद किया। लाभुकों ने पेंशन राशि वृद्धजन, दिव्यांगजन और विधवा महिलाओं के लिए 400 से बढ़ाकर 1100 किए जाने तथा 125 यूनिट बिजली मुफ्त किए जाने की सराहना की। उन्होंने कहा कि इससे घरेलू खर्च में बचत हो रही है और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।

जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनकी योजनाओं से उन्हें समाज में सम्मान मिला है। परिवार की स्थिति बेहतर हुई और वे अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दे पा रही हैं।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, सांसद एवं जदयू कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा, सांसद सुनील कुमार, विधायक रश्मि वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।