PM मोदी ने अरुणाचल प्रदेश में 5,100 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अरुणाचल प्रदेश में 5,100 करोड़ की आधारभूत परियोजनाओं की शुरुआत की। उन्होंने जीएसटी सुधारों का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे महिलाओं और परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।

PM मोदी ने अरुणाचल प्रदेश में 5,100 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अरुणाचल प्रदेश में 5,100 करोड़ रुपये से अधिक की आधारभूत परियोजनाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने वर्चुअली शि योमी जिले में दो बड़े हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट्स और तवांग में एक कन्वेंशन सेंटर की आधारशिला रखी। इसके साथ ही 1,290 करोड़ रुपये की अन्य परियोजनाएं भी शुरू की गईं, जिनमें सड़क संपर्क, स्वास्थ्य सेवाएं और अग्निशमन सुविधाएं शामिल हैं।

इंदिरा गांधी पार्क, इटानगर में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अरुणाचल की भूमि केवल "उगते सूरज की धरती" ही नहीं बल्कि देशभक्ति की जननी भी है। उन्होंने कहा कि जैसे तिरंगे का पहला रंग केसरिया है, वैसे ही अरुणाचल का पहला रंग भी केसरिया है। यहां का हर नागरिक शौर्य और सरलता का प्रतीक है।

प्रधानमंत्री ने बताया कि एनडीए सरकार के दौरान केंद्रीय मंत्री 800 से अधिक बार पूर्वोत्तर का दौरा कर चुके हैं, जबकि वे स्वयं 70 से ज्यादा बार इस क्षेत्र में आए हैं। उन्होंने कहा कि सभी आठों पूर्वोत्तर राज्यों को मां लक्ष्मी के रूपों की तरह माना जाता है और इसलिए विकास में किसी भी तरह की कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

मोदी ने कहा कि भारत ने 2030 तक 500 गीगावाट बिजली सौर, पवन और जल परियोजनाओं से उत्पन्न करने का लक्ष्य तय किया है और इस दिशा में अरुणाचल प्रदेश भी कदम से कदम मिलाकर चल रहा है। आज शुरू किए गए दोनों हाइड्रो प्रोजेक्ट्स राज्य को बिजली उत्पादन का केंद्र बनाएंगे, हजारों युवाओं को रोजगार देंगे और विकास कार्यों के लिए सस्ती बिजली उपलब्ध कराएंगे।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी सुधारों पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि इन सुधारों से सबसे ज्यादा लाभ महिलाओं और परिवारों को होगा, क्योंकि अब जीएसटी केवल दो स्लैब— 5% और 18% में सीमित रहेगा और कई सामान कर-मुक्त कर दिए गए हैं। उन्होंने इसे जीएसटी बचत उत्सव बताया और कहा कि यह हर घर के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।

इसके अलावा, प्रधानमंत्री मोदी आज त्रिपुरा के उदयपुर स्थित माता त्रिपुरा सुंदरी मंदिर के पुनर्विकसित स्वरूप का भी उद्घाटन करेंगे, जो हिंदू धर्म के 51 शक्तिपीठों में से एक है।