पूर्णिया दौरे पर पीएम मोदी देंगे 40 हजार करोड़ की सौगात, एनडीए ने की तैयारियां तेज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 सितंबर को पूर्णिया दौरे पर आएंगे। इस दौरान वे बिहार को 40,000 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात देंगे। एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 15 सितंबर को प्रस्तावित पूर्णिया दौरे से पहले यहां एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इससे पहले एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, राज्यसभा सांसद संजय झा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने प्रधानमंत्री के आगमन की जानकारी दी और कार्यक्रम की मुख्य रूपरेखा प्रस्तुत की।
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी अपने दौरे के दौरान बिहारवासियों को 40,000 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। उन्होंने कहा कि पूर्णिया हवाई अड्डा अंतरराष्ट्रीय स्तर की उड़ानों के लिए पूरी तरह सक्षम है, जिससे क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक प्रगति को नई गति मिलेगी।
राज्यसभा सांसद संजय झा ने कहा कि कोसी-मेची लिंक परियोजना पूर्वोत्तर बिहार के लिए ऐतिहासिक योजना है। इससे बाढ़ की समस्या पर नियंत्रण मिलेगा और क्षेत्र में समग्र विकास को बल मिलेगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर एनडीए कार्यकर्ताओं में उत्साह है। कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया है और घर-घर जाकर लोगों को इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।