राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गाजियाबाद में यशोदा मेडिसिटी अस्पताल का किया उद्घाटन

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गाजियाबाद में 1200 बेड वाले यशोदा मेडिसिटी अस्पताल का उद्घाटन किया। यह अस्पताल आधुनिक सुविधाओं, विशेषज्ञ चिकित्सकों और मेडिकल रिसर्च के लिए नया अवसर प्रदान करेगा।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गाजियाबाद में यशोदा मेडिसिटी अस्पताल का किया उद्घाटन

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रविवार को गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित यशोदा मेडिसिटी अस्पताल का भव्य उद्घाटन किया। यह अस्पताल 1200 बेड के साथ अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है और मरीजों को सभी प्रकार के इलाज की सुविधाएं एक ही छत के नीचे प्रदान करेगा। उद्घाटन अवसर पर उनके साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल भी उपस्थित रहे।

राष्ट्रपति ने अस्पताल का भ्रमण किया और आधुनिक उपकरणों तथा इलाज से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की जानकारी हासिल की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ देश के हर वंचित नागरिक तक पहुँचना चाहिए।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस अवसर पर कहा कि यशोदा मेडिसिटी मेडिकल ट्रेनिंग और तकनीकी शोध को नई दिशा देगा और स्वास्थ्य क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस अवसर पर कहा कि स्वस्थ शरीर के लिए सर्वोत्तम स्वास्थ्य सुविधाएं अत्यावश्यक हैं और यह अस्पताल क्षेत्र के लोगों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगा।

यशोदा मेडिसिटी अस्पताल को 8 एकड़ में विकसित किया गया है और यह अनुभवी चिकित्सकों और प्रशिक्षित स्टाफ से सुसज्जित है। अस्पताल में कार्डियोलॉजी, न्यूरोसाइंसेज, ऑन्कोलॉजी के विशेष केंद्र स्थापित हैं। इसके अलावा ऑर्गन ट्रांसप्लांट और मदर-चाइल्ड केयर के लिए विशेष सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की शुरुआत भी की जाएगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि यशोदा मेडिसिटी हॉस्पिटल गाजियाबाद और आसपास के जिलों के लिए एक गेमचेंजर साबित होगा, क्योंकि इसमें सभी प्रकार की आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं जो मरीजों को बेहतर इलाज प्रदान करेंगी।