लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया ‘विश्वकर्मा एक्सपो-2025’ का शुभारंभ, कारीगरों और युवाओं के लिए नई तकनीकी और ऋण योजनाओं की घोषणा
लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान विश्वकर्मा जयंती पर ‘विश्वकर्मा एक्सपो-2025’ का शुभारंभ किया। नए ट्रेड्स, तकनीकी प्रशिक्षण, ऋण वितरण और टूलकिट से कारीगरों और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की योजना की गई।
राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर ‘विश्वकर्मा एक्सपो-2025’ का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि परंपरागत 11 कारीगर ट्रेड्स के साथ अब 12 नए ट्रेड्स भी जोड़े गए हैं। इनमें मोबाइल रिपेयरिंग, ऑटोमोबाइल रिपेयरिंग, इलेक्ट्रॉनिक और इलेक्ट्रिकल गुड्स रिपेयरिंग, प्लंबर, कंप्यूटर रिपेयरिंग, सोलर पैनल रिपेयरिंग, डिजिटल फोटोग्राफी और ब्यूटी व वेलनेस जैसे क्षेत्र शामिल हैं। सीएम योगी ने कहा कि इन नए क्षेत्रों से युवा आत्मनिर्भर बनेंगे और उन्हें आधुनिक तकनीक व वैश्विक बाजार से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने बताया कि बीते साढ़े आठ वर्षों में कारीगरों और शिल्पकारों ने उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य से बाहर निकालकर इसे विकास का ग्रोथ इंजन बना दिया है। अब प्रदेश की छवि बदल चुकी है और इसे अनलिमिटेड पोटेंशियल वाला राज्य माना जाता है।
एमएसएमई सेक्टर के तहत प्रदेशभर में कारीगरों, शिल्पकारों और उद्यमियों के लिए ₹1.32 लाख करोड़ का ऋण वितरण किया गया। मंच से सीतापुर की शशि देवी को ₹2 लाख और लखनऊ की अंशु शर्मा को ₹9.5 लाख का ऋण प्रदान किया गया।
12,000 कारीगरों को टूलकिट
विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत प्रदेशभर के 12,000 कारीगरों को टूलकिट वितरित किया गया। लखनऊ के ऋत्विक कनौजिया और प्रियंका कुमारी को मंच से टूलकिट प्रदान कर सम्मानित किया गया।
युवाओं को जॉब प्रोवाइडर बनाना लक्ष्य
सीएम योगी ने कहा कि यूपी अब बीमारू राज्य नहीं, बल्कि देश का ग्रोथ इंजन बन चुका है। सरकार का लक्ष्य है कि युवाओं को जॉब सीकर न बनाकर जॉब प्रोवाइडर बनाया जाए।
ODOP से मिली नई पहचान
परंपरागत उद्यमों को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) योजना अब पूरे देश के लिए मॉडल बन गई है। इस योजना ने यूपी को 1.86 लाख करोड़ रुपये का निर्यात करने वाला राज्य बना दिया।
ग्रामीण भारत में आत्मनिर्भरता
मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज के विचारों का हवाला देते हुए कहा कि पहले गांव आत्मनिर्भर हुआ करते थे और आज भी कारीगर अपनी विशेषज्ञता से प्रदेश को विकास की राह पर आगे ले जाएं।
एमओयू से नई तकनीकी ट्रेनिंग
विभिन्न कंपनियों और संगठनों के साथ तीन महत्वपूर्ण एमओयू साइन किए गए। ये कंपनियां कारीगरों को नई तकनीक से प्रशिक्षित करेंगी।
कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र
प्रदेश के 111 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए, जिनमें 11 का वितरण मुख्यमंत्री ने स्वयं किया।
व्यापार और वैश्विक बाजार
विश्वकर्मा एक्सपो 17 से 19 सितंबर तक चलेगा, इसके बाद ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का आयोजन होगा, जिसमें दुनिया भर के खरीदार भाग लेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर विशेष अवसर
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज पीएम नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है। इसे “दोगुनी खुशी का दिन” बताते हुए उन्होंने कहा कि यूपी की भूमिका विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को पूरा करने में अहम होगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री, पूर्व एमएलसी, अपर मुख्य सचिव, सचिव, बैंकर्स, प्रशिक्षण संस्थान और कारीगर एवं शिल्पकार उपस्थित थे।