राजगीर में जल्द पूरा होगा डायनासोर पार्क, बिहार में इको-टूरिज्म को मिल रही नई पहचान: मंत्री सुनील कुमार
बिहार के वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि राजगीर का डायनासोर पार्क जल्द पूरा होगा।

बिहार के वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. सुनील कुमार ने कहा है कि राजगीर अब तेजी से पर्यटकों का प्रमुख आकर्षण केंद्र बनता जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि राजगीर में बन रहा डायनासोर पार्क का निर्माण कार्य जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा, जिससे यहां आने वाले सैलानियों को एक नया अनुभव मिलेगा।
डॉ. कुमार रविवार को राजगीर जू सफारी के सभागार में आयोजित "पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन" विषयक चिकित्सकों के राष्ट्रीय संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि राजगीर और बोधगया विदेशी पर्यटकों के बीच सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थल बन चुके हैं।
उन्होंने बताया कि बिहार में इको-टूरिज्म की अपार संभावनाएं हैं और राज्य सरकार लगातार इस दिशा में ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि बिहार तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है और पर्यटन क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
जलवायु परिवर्तन पर चिंता व्यक्त करते हुए मंत्री ने कहा कि इसे रोकने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर कार्य कर रही हैं। साथ ही, उन्होंने आम जनता से भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनने की अपील की।
बिहार सरकार का मानना है कि पर्यावरण संरक्षण और इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने से राज्य की पहचान न केवल देश बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मजबूत होगी।