बरेली हिंसा पर पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह का कड़ा संदेश: कानून अपना काम कर रहा है
पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने बरेली हिंसा पर कहा कि कानून अपना काम कर रहा है और जो गलती करेगा उसे कड़ा दंड मिलेगा। प्रशासन ने समय रहते हालात पर नियंत्रण कर स्थिति को संभाला।

दो दिवसीय दौरे पर बरेली पहुंचे प्रदेश सरकार के पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने बरेली में हाल ही में हुई घटनाओं पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि बरेली के हालात पर सरकार और कानून अपना काम कर रहा है, और जो गलती करेगा उसे कड़ा दंड मिलेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून धर्म और मजहब के आधार पर लागू नहीं होता।
मंत्री ने बताया कि बरेली में तौकीर रजा खां के माध्यम से जो कानून तोड़ा गया और कानून को चुनौती दी गई थी, उस पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा, "जहाँ हिंसा होती है वहाँ कानून लागू होता है। योगी सरकार की प्राथमिकता उत्तम कानून व्यवस्था बनाए रखना है और किसी भी गलती करने वाले को बख्शा नहीं जाएगा।"
धर्मपाल सिंह ने अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पुलिस को लाठीचार्ज नहीं करना चाहिए था, इस पर उन्होंने कहा, "लाठीचार्ज क्यों नहीं करना चाहिए, जब उपद्रवी पुलिस पर पत्थरबाजी कर रहे, दुकानों को तोड़ रहे हों? ऐसे बयान तुष्टिकरण की राजनीति को बढ़ावा देते हैं और समाज को बांटने का काम करते हैं।"
उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष का काम दंगा भड़काना और कानून व्यवस्था को खराब करना है, जिससे विकास की गति धीमी पड़ती है।
धर्मपाल सिंह ने प्रशासन की भी प्रशंसा की और कहा कि बरेली को दंगे से बचाने और समय रहते हालात पर नियंत्रण करने के लिए प्रशासन बधाई का पात्र है।