बेगूसराय : विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान हुआ शुरू
बेगूसराय के चेरिया बरियारपुर में विशेष मतदाता पुनरीक्षण शुरू, BDO ने बीएलओ को फॉर्म बांटे, दस्तावेज के साथ घर-घर जाकर सूची अपडेट का निर्देश।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत चेरिया बरियारपुर विधानसभा क्षेत्र संख्या 141 के अंतर्गत चेरिया बरियारपुर प्रखंड में कर दी गई है। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) प्रियतम सम्राट ने सभी बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को मतदाता गणना प्रपत्र वितरित किए।
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बताया कि इस बार के विशेष पुनरीक्षण अभियान में नए मतदाताओं को पहचान के लिए वोटर आईडी और आधार कार्ड के अतिरिक्त आयोग द्वारा मान्य 11 दस्तावेजों में से कोई एक दस्तावेज अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा। हालांकि, जिन नागरिकों का नाम 1 जनवरी 2003 तक की मतदाता सूची में पहले से दर्ज है, उन्हें कोई अतिरिक्त दस्तावेज प्रस्तुत करने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने यह भी बताया कि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 30 सितंबर 2025 को किया जाएगा। इसके लिए सभी बीएलओ को निर्देशित किया गया है कि वे घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करें, निर्धारित प्रारूप में जानकारी संकलित करें और निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करें।
इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक अद्यतन, त्रुटिरहित और समावेशी बनाना है, जिससे अधिक से अधिक पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो सके और वे आगामी चुनावों में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।