पटना: अगस्त में होगा बिहार बिजनेस महाकुंभ 2025 का आयोजन

3 से 5 अगस्त तक पटना में होगा 'बिहार बिजनेस महाकुंभ 2025', 250+ स्टार्टअप्स लेंगे भाग। उद्देश्य: बिहार को रोजगार देने वाला राज्य बनाना।

पटना: अगस्त में होगा बिहार बिजनेस महाकुंभ 2025 का आयोजन

बिहार में उद्यमिता, नवाचार और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक मंच देने के उद्देश्य से "बिहार बिजनेस महाकुंभ 2025" का आयोजन 3 से 5 अगस्त तक पटना के ज्ञान भवन में किया जाएगा। इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में 250 से अधिक ब्रांड्स और स्टार्टअप्स हिस्सा लेंगे।

इस आयोजन के दौरान बिहार सरकार की स्टार्टअप नीति और भारत सरकार की उद्यमिता नीति पर विशेष चर्चा की जाएगी। इसका उद्देश्य राज्य के एमएसएमई, युवा स्टार्टअप्स और महिला स्व-सहायता समूहों को वैश्विक निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत करना है।

आईपीएस अधिकारी विकास वैभव ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा,

"बिहार अब केवल श्रमशक्ति देने वाला राज्य नहीं रह गया है, बल्कि यह उद्यमिता और नवाचार का नया गढ़ बनने को तैयार है। यह आयोजन बिहार को 'रोजगार मांगने वाले राज्य' से 'रोजगार देने वाले राज्य' में बदलने की दिशा में एक ठोस कदम है।"

इस महाकुंभ का उद्देश्य न केवल बिहार को भारत के कारोबारी मानचित्र पर एक चमकता सितारा बनाना है, बल्कि स्थानीय उत्पादों और स्टार्टअप्स को वैश्विक पहचान दिलाना भी है।

कार्यक्रम में स्टार्टअप्स को नेटवर्किंग, निवेश के अवसर और नॉलेज शेयरिंग के साथ-साथ बाजार तक पहुँच का भी मंच मिलेगा। आयोजकों का मानना है कि यह इवेंट बिहार की आर्थिक और औद्योगिक छवि को नया आयाम देगा।