मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की कैटलोनिया विदेश मंत्री से उच्च स्तरीय भेंट, निवेश और अकादमिक सहयोग पर चर्चा
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने स्पेन में कैटलोनिया के विदेश मंत्री से मुलाकात की, शिक्षा, निवेश, पर्यटन और तकनीकी सहयोग पर हुई विस्तृत चर्चा।
स्पेन यात्रा के तीसरे दिन मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बार्सिलोना में कैटलोनिया सरकार के विदेश मंत्री श्री जैम डच गुइलोट से मुलाकात की। इस उच्चस्तरीय बैठक में शिक्षा, निवेश, पर्यटन, खेल और तकनीकी सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग पर विचार हुआ।
मुख्यमंत्री ने आईआईटी इंदौर और IISER भोपाल को बार्सिलोना के विश्वविद्यालयों से जोड़ने की बात कही, ताकि अकादमिक व अनुसंधान सहयोग को नई दिशा मिल सके। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश वैश्विक स्तर पर अनुसंधान और नवाचार का हब बनने की ओर अग्रसर है।
मुख्यमंत्री ने फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में कैटलोनिया की कंपनियों को मध्यप्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने प्रदेश की नई औद्योगिक नीति, युवा कार्यबल और लॉजिस्टिक्स क्षमता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह यूरोपीय निवेशकों के लिए सुनहरा अवसर है।
एफसी बार्सिलोना फाउंडेशन के साथ खेल और जीवन कौशल कार्यक्रमों की साझेदारी के प्रस्ताव के साथ, साँची, खजुराहो और भीमबेटका जैसे धरोहर स्थलों के यूरोपीय प्रचार पर सहमति बनी। साथ ही प्रदर्शन कला, सिनेमा और साहित्य के क्षेत्र में भी सांस्कृतिक सहयोग पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने स्मार्ट सिटी, ग्रीन बिल्डिंग्स और शहरी परिवहन में तकनीकी सहयोग की संभावनाएं जताईं और संयुक्त कार्य समूह के गठन का प्रस्ताव भी रखा, जो द्विपक्षीय परियोजनाओं पर काम करेगा।
मुख्यमंत्री ने इस मुलाकात को मध्यप्रदेश की वैश्विक रणनीति की दिशा में एक अहम कदम बताते हुए कहा कि राज्य अब अंतरराष्ट्रीय निवेश और सांस्कृतिक साझेदारियों के लिए पूरी तरह तैयार है।