धौडौड़ : भू-माफियाओं के खिलाफ माले की प्रदर्शन
धौडौड़ थाना का माले कार्यकर्ताओं ने घेराव किया। थानाध्यक्ष पर भू-माफियाओं से मिलीभगत और गरीबों पर दमन का आरोप लगाया गया। निष्पक्ष जांच की मांग की गई।
रोहतास जिले के धौडौड़ थाना परिसर में सोमवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माले) के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर थानाध्यक्ष पर विवादित जमीन मामलों में पक्षपात और गरीबों पर दमन का गंभीर आरोप लगाया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे माले नेता अशोक बैठा ने कहा कि थानाध्यक्ष की भू-माफियाओं से मिलीभगत है। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों की जमीन को जबरन हथियाने में पुलिस भी माफियाओं का साथ दे रही है। उन्होंने बताया कि माले कार्यकर्ता मनोज राम जब एक जमीन विवाद से जुड़े मामले में थाने पहुंचे, तो उन्हें चार घंटे तक बैठाकर रखा गया और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई।
प्रदर्शन में शामिल धनकढ़ा निवासी इंदल कुमार ने भी अपनी आपबीती साझा करते हुए कहा कि, "मेरी मां के नाम पर जिस जमीन पर न्यायालय से दखल कायम हुआ है, उस पर जाने से भी थाना प्रभारी रोक रहे हैं। वे खुलेआम धमकी देते हैं कि अगर जमीन पर गया, तो जेल भेज दिया जाएगा। यह पूरी तरह अन्याय है। विपक्षी के इशारे पर हमें परेशान किया जा रहा है।"
प्रदर्शनकारियों ने तीन प्रमुख मांगें रखीं:
थाना प्रभारी की कार्यशैली की विभागीय जांच हो
गरीबों पर हो रहे पुलिसिया दमन पर रोक लगे
विवादित जमीनों पर निष्पक्ष और पारदर्शी कार्रवाई की जाए
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिस दमन और पक्षपात के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और थानाध्यक्ष पर विभागीय कार्रवाई की मांग की।