पीएम मोदी के दौरे से पहले रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का बिहार दौरा, परियोजनाओं की समीक्षा में जुटे
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव पीएम मोदी के बिहार दौरे से पहले पटना और मुजफ्फरपुर पहुंचे, जहां उन्होंने रेलवे परियोजनाओं की समीक्षा की और स्टेशन का निरीक्षण किया।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव शनिवार को पटना पहुंचे, जहां पटना एयरपोर्ट पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उनके आगमन पर पूरे माहौल में उत्साह देखने को मिला।
पटना पहुंचने के तुरंत बाद रेल मंत्री मुजफ्फरपुर के लिए रवाना हुए। वहां उन्होंने रेलवे की विभिन्न परियोजनाओं का निरीक्षण किया, अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें कीं और मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन का जायजा लिया।
रेल मंत्री का यह दौरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 18 जुलाई को प्रस्तावित मोतिहारी दौरे से ठीक पहले हो रहा है। प्रधानमंत्री के इस दौरे के दौरान बिहार को रेलवे क्षेत्र में कई नई सौगातें मिलेंगी। इनमें नई परियोजनाओं का शिलान्यास और पूर्व स्वीकृत योजनाओं का शुभारंभ शामिल होगा।
इस संदर्भ में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव राज्य में जारी रेलवे परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं ताकि प्रधानमंत्री के दौरे से पहले सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा सके।