बिहार के कमलेश कुमार को राष्ट्रीय हथकरघा पुरस्कार, पारंपरिक बावन बूटी साड़ी बुनाई के लिए मिली पहचान

बिहार के बुनकर कमलेश कुमार को बावन बूटी साड़ी बुनाई के लिए राष्ट्रीय हथकरघा पुरस्कार मिलेगा, यह सम्मान 7 अगस्त को राष्ट्रपति द्वारा दिल्ली में प्रदान किया जाएगा।

बिहार के कमलेश कुमार को राष्ट्रीय हथकरघा पुरस्कार, पारंपरिक बावन बूटी साड़ी बुनाई के लिए मिली पहचान

नालंदा जिले के सिलाव नेपुरा गांव निवासी पारंपरिक हथकरघा बुनकर कमलेश कुमार को भारत सरकार के हथकरघा विकास आयुक्त कार्यालय द्वारा राष्ट्रीय हथकरघा पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। उन्हें यह सम्मान उनकी अद्वितीय बावन बूटी साड़ी बुनाई और उत्कृष्ट शिल्प कौशल के लिए दिया जा रहा है।

कमलेश कुमार का चयन बिहार की समृद्ध लेकिन कम प्रसिद्ध हथकरघा परंपरा को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उन्होंने इस विलुप्त होती पारंपरिक कला को बचाने और सहेजने को अपने जीवन का उद्देश्य बनाया है।

7 अगस्त 2025 को दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होने वाले 11वें राष्ट्रीय हथकरघा दिवस समारोह में उन्हें महामहिम राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार न केवल कमलेश कुमार की कला का सम्मान है, बल्कि पूरे बिहार के बुनकर समुदाय के लिए गर्व का क्षण है।

कमलेश ने बताया कि यह कला उन्हें पैतृक विरासत में मिली है। बचपन से ही वे अपने पिता के साथ हथकरघा पर काम करते थे। आर्थिक कठिनाइयों के कारण पढ़ाई छोड़नी पड़ी, लेकिन बुनाई को ही जीवन का मार्ग बना लिया। उन्होंने साड़ियों पर राजगीर का शांति स्तूप, पीपल के पत्ते, धर्म चक्र, बुद्ध की मूर्ति जैसे सांस्कृतिक प्रतीकों को उकेरा, जो उनके काम को विशिष्ट बनाता है।

कमलेश कुमार निफ्ट पटना समेत देश के कई संस्थानों में बावन बूटी बुनाई की कला सिखाने के कार्य से भी जुड़े हुए हैं।

भागलपुर स्थित बुनकर सेवा केंद्र के उपनिदेशक राजेश चटर्जी ने बताया कि यह पहला मौका है जब बिहार के किसी बुनकर को यह राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है। यह उपलब्धि बिहार की पारंपरिक कला को नई पहचान दिलाने में सहायक होगी।

कमलेश कुमार ने इस उपलब्धि के लिए भारत सरकार और बुनकर सेवा केंद्र, भागलपुर का आभार व्यक्त किया है।